Varanasi Tent City Booking: शहर में गंगा नदी किनारे टेंट सिटी बस चुकी है। अब आठ फरवरी से यहां शहनाई भी गूंजेगी। इसके अंदर बैंड-बाजा-बारात के साथ शादी की रस्में अदा की जाएंगी। अब तक 500 से अधिक लोगों ने टेंट सिटी की बुकिंग करवाई है। मई में आयोजन करने के लिए भी काफी बुकिंग आ रही है। गंगा दर्शन विला, काशी सुईट, रॉयल विला में पर्यटक ठहरेंगे। यह विला काफी आकर्षक बने हुए हैं। वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) के अधिकारियों का कहना है कि आने वाले समय में और अधिक बुकिंग आएगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 13 जनवरी को टेंट सिटी का उद्घाटन किया जाना है। शहर में पर्यटन लगातार बढ़ रहा है, इसलिए यह सिटी बसाई गई है। इस टेंट सिटी को तीन कैटेगरी में बनाया गया है। इसमें 150 कमरे हैं। सभी फाइव स्टार होटल के कमरे जैसे हैं।
ऑनलाइन-ऑफलाइन कर सकते हैं बुकिंग
टेंट सिटी की ऑनलाइन और ऑफलाइन बुकिंग हो रह है। एक टेंट का किराया 8000 रुपए से 30000 रुपए तक है। इसकी बुकिंग के लिए tentcityvaranasi.com पर विजिट करना होगा। ऑफलाइन टिकट बुकिंग के लिए रविदास घाट और नमो घाट पर काउंटर बनाए गए हैं। बता दें 15 जनवरी से इस टेंट सिटी में लोग ठहर सकेंगे। इसका निर्माण 10 जनवरी को पूरा कर लिया गया है। टेंट सिटी के अंदर योग सेंटर, कॉन्फ्रेंस हॉल, जिम, स्पा, आर्ट गैलरी, कॉन्फ्रेंस हॉल आदि हैं।
यह सारी सुविधाएं मिलेंगी
टेंट सिटी में कई तरह की सुविधाएं मिलेंगी। यहां वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) सीवेज, पानी और बिजली समेत कई सुविधाएं मुहैया करा रहा है। टेंट सिटी में ठहरने वाले पर्यटकों के लिए विशेष नाव की व्यवस्था की जा रही है। इन नावों पर बैठाकर पर्यटकों को काशी विश्वनाथ धाम और गंगा आरती दिखाई जाएगी। इसके अतिरिक्त धीरे-धीरे और सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। इसके लिए रूपरेखा तैयार की जा रही है। पर्यटकों को ठंड महसूस नहीं हो, इसलिए बोन फायर का इंतजाम किया जा रहा है। ब्लोअर भी लगाए गए हैं। योग केंद्र में एक साथ 300 पर्यटक योग कर सकेंगे। इतना ही नहीं गंगा स्नान के लिए फ्लोटिंग बाथ जेटी बनाई गई है। इसमें कई पर्यटक एक साथ गंगा स्नान कर सकेंगे। फ्लोटिंग बाथ जेटी में हर उम्र के लोग स्नान कर पाएंगे।
