Varanasi Ropeway Route: देश का पहला शहर वाराणसी बनने वाला है, जहां रोप-वे ट्रांसपोर्ट होगा। शहर में रोप-वे सेवा शुरू करने को लेकर विभागों ने अपने-अपने स्तर की तैयारियां तेज कर दी हैं। रोप-वे परियोजना को धरातल पर लाने के लिए सर्वे का काम शुरू होने वाला है। कैंट रेलवे स्टेशन से रोप-वे की शुरुआत होगी। यह लहरतारा-चौका घाट फ्लाईओवर को 80 फीट की ऊंचाई से पार करेगा। कार्यकारी एजेंसी ने इस पर काम करने के लिए रेलवे और वाराणसी विकास प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ बातचीत की है।
एक दिन पहले ही कंपनी ने नेशनल हाईवे लॉजिस्टिक मैनेजमेंट लिमिटेड के साथ रोप-वे रूट के लिए कुछ इलाकों का सर्वे किया है। वाराणसी विकास प्राधिकरण ने कार्यकारी एजेंसी का चयन करने के बाद अधिग्रहण के लिए मांगे गए 177 करोड़ रुपए और रूट पर जनसुविधाओं को शिफ्ट करने के लिए 28 करोड़ रुपए जारी करने की दिशा में कोशिश बढ़ा दी है।
