Varanasi News: नए साल में वाराणसी में कई विकास परियोजनाएं पूरी हो जाएंगी। जिलाधिकारी एस राजलिंगम ने इन परियोजनाओं को समय पर पूरी करने का निर्देश दिया है। डीएम ने अपने कार्यालय में सभी विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें उन्होंने विकास कार्यों की समीक्षा की। डीएम का फोकस बहुप्रतीक्षित फुलवरिया फ्लाईओवर के निर्माण पर रहा। डीएम ने अधिकारियों और कार्यकारी एजेंसी को कहा कि, हर हाल में मार्च तक इस फ्लाईओवर का निर्माण पूरा करें।
डीएम ने कहा कि, इस फ्लाईओवर पर आवागमन शुरू होने के साथ शहर को जाम से काफी हद तक निजात मिल जाएगी। वाहनों का दबाव सड़कों पर कम होगा। इस योजना की समीक्षा में यह बात सामने आई की फ्लाईओवर के निर्माण के लिए सेना की जमीन भी प्रयोग में लानी पड़ेगी। यह भी बताया गया कि, निर्माण के बीच बिजली के दो पोल आ रहे हैं। इन्हें हटाने के लिए सेतु निगम को बिजली विभाग से अनुमति लेनी पड़ेगी।
