IRCTC: रेल प्रशासन ने वाराणसी के लिए चल रहीं पूजा स्पेशल दो ट्रेनों के परिचालन में अहम बदलाव किया है। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, ट्रेन नंबर 04250/04249 आनंद विहार टर्मिनस-वाराणसी-आनंद विहार टर्मिनस पूजा स्पेशल ट्रेन के टर्मिनल में बदलाव किया गया है। ट्रेन नंबर 04250 आनंद विहार टर्मिनल-वाराणसी और 04249 वाराणसी-आनंद विहार टर्मिनस विहार पूजा स्पेशल ट्रेन अब वाराणसी की जगह काशी स्टेशन पर आएगी।
इस बारे में रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) अशोक कुमार का कहना है कि, 04250 आनंद विहार टर्मिनल -वाराणसी पूजा स्पेशल ट्रेन कल से हर बुधवार को आनंद विहार से सुबह 6:15 बजे रवाना होगी। अगले दिन यह ट्रेन वाराणसी की जगह पर बनारस स्टेशन पर सुबह 8:10 बजे पहुंचेगी।
18 अक्टूबर से 04249 के भी टर्मिनल में बदलाव
इसी तरह ट्रेन नंबर 04249 वाराणसी-आनंद विहार टर्मिनल पूजा स्पेशल ट्रेन 18 अक्टूबर से हर मंगलवार को वाराणसी की जगह अब काशी स्टेशन से शाम 7:20 बजे रवाना हुआ करेगी। यह ट्रेन अगले दिन सुबह 9:30 बजे आनंद विहार टर्मिनल पर पहुंचेगी। इसको लेकर संबंधित सभी स्टेशनों के अधिकारियों को सूचना दे दी गई। ताकि नई व्यवस्था को लेकर कोई संदेह नहीं रहे।
यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचने में हो सकती है परेशानी
इन दोनों पूजा स्पेशल ट्रेनों के टर्मिनल में बदलाव से सैकड़ों यात्रियों को परेशानी हो सकती है। ट्रेन से उतरकर ऑटो या अन्य साधन से अपने गंतव्य तक पहुंचने में यात्रियों को दिक्कत होगी। उन्हें ऑटो या अन्य साधन को अतिरिक्त किराया देना पड़ सकता है। ऐसे में रेल यात्री संघ का कहना है कि, इसे स्थाई रूप से लागू किया गया तो यात्रियों की जेब पर अतिरिक्त किराए का बोझ बढ़ जाएगा। फिलहाल रेलवे ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि, पूजा स्पेशल ट्रेनों के परिचालन के बाद अन्य ट्रेनों पर इसे लागू किया जाएगा या नहीं। बता दें वाराणसी स्टेशन पर सौंदर्यीकरण का भी काम चल रहा है। इसके अतिरिक्त इस स्टेशन पर प्लेटफॉर्म की संख्या बढ़ाई जा रही है, जिसका निर्माण कार्य भी शुरू कर दिया गया है।
