काशी में बन रहे देश के पहले अर्बन ट्रांसपोर्ट रोपवे प्रोजेक्ट को लेकर विवाद शुरू हो गया है। उद्घाटन के पहले ही सोशल मीडिया पर रोपवे को लेकर फेक न्यूज वायरल की जा रही हैं। ऐसा ही एक वीडियो सामने आया है, जिसमें रोपवे की ट्रॉली टूटने की भ्रामक खबर फैलाई गई। बड़ी बात ये है कि कांग्रेस के बड़े नेता उदितराज ने भी खबर की सत्यता की पुष्टि किए बगैर, अपने ट्विटर हैंडल से शेयर किया। फिलहाल इस मामले में पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पुलिस ने दो के खिलाफ दर्ज किया केस
बनारस में बन रहा रोपवे सुर्खियों में हैं। रोपवे का ट्रायल रन पूरा हो चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ड्रीम प्रोजेक्ट रोपवे अगले साल काशी की जनता को समर्पित किया जाएगा। लेकिन उसके पहले ही सोशल मीडिया पर लोग, इसकी खामियां गिनाने में लग गए हैं। सोशल मीडिया पर झूठी खबरें वायरल की जा रही हैं। काशी जोन के डीसीपी गौरव बंसवाल के मुताबिक दो ट्विटर हैंडल से एक वीडियो वायरल किया गया। जिसमें ये दिखाया गया है कि उद्घाटन के बाद रोपवे की ट्रॉली अचानक टूट जाती है और बीजेपी के कुछ नेता जख्मी हो जाते हैं। वीडियो के वायरल होते ही हड़कंप मच गया। वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
छत्तीसगढ़ का है वायरल वीडियो
वायरल वीडियो की सत्यता की जांच की गई की गई तो पता चला वीडियो छत्तीसगढ़ के डोंगरगढ़ का है। इस वीडियो को वाराणसी रोपवे का हिस्सा बताकर शेयर किया जा रहा था। रोपवे को बनाने वाली कार्यदायी संस्था वाराणसी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग के अनुसार रोपवे का निर्माण अंतिम चरण में है। इसका ट्रायल रन सफलतापूर्वक पूरा हो गया है। अगले साल से इसका संचालन होगा। इसमें सुरक्षा के सभी मानकों का ख्याल रखा गया है। इसमें यात्रियों की सुविधा सुरक्षा और प्राकृतिक आपदा से बचाव संबंधित सभी आवश्यक बातों का खास ध्यान रखा गया है।
एक नजर में रोपवे प्रोजेक्ट
वाराणसी में तैयार हो रहे रोपवे की लंबाई लगभग 3.8 किमी है। इसे बनाने में 807 करोड़ रुपए की लागत आएगी। प्रोजेक्ट में कुल पांच स्टेशन तैयार किए जा रहे हैं। कैंट स्टेशन से सफर की शुरुआत होगी। इसके बाद काशी विद्यापीठ, रथयात्रा, गिरजाघर होते हुए गोदौलिया स्टेशन पर सफर खत्म होगा। रोपवे के लिए 29 टावर बनाए गए हैं। प्रतिघंटे तीन हजार लोग सफर करेंगे। केबल के सहारे झूलते 220 गंडोला यात्रियों को एक जगह से दूसरी जगह ले जाएंगे।
