वाराणसी

'मोदी-मोदी' और 'हर हर महादेव' से PM मोदी का स्वागत, CM ने फूल देकर किया अभिनंदन; वंदे भारत ट्रेनों की देंगे सौगात

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दो दिवसीय दौरे पर काशी पहुंचने पर सीएम योगी ने उनका स्वागत किया। पीएम ने रोड शो कर लोगों का अभिवादन किया तो लोगों ने भी स्वागत ‘मोदी-मोदी’ और ‘हर हर महादेव’ के नारों से किया। अब आज पीएम मोदी बनारस स्टेशन से 4 नई वंदे भारत ट्रेनों को दिखाएंगे हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे और फिर काशी से सीधे बिहार के लिए रवाना होंगे।

CM Yogi Adityanath greeted Prime Minister Narendra Modi

काशी पहुंचने पर पीएम मोदी का सीएम योगी ने किया स्वागत (फोटो-ANI)

वाराणसी : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दो दिवसीय दौरे पर शुक्रवार की शाम अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंचे। शाम करीब पांच बजे प्रधानमंत्री का विशेष विमान लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचे बाबतपुर पर उतरा, जहां प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य और जनपद के प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना, आयुक्त एस. राजलिंगम, पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार सहित अन्य लोगों ने उनका स्वागत किया। बरेका पहुंचने पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का भव्य स्वागत किया।

प्रधानमंत्री सड़क मार्ग से बीएलडब्ल्यू स्थित गेस्ट हाउस के लिए रवाना हुए। उनका काफ‍िला बाबतपुर से हरहुआ होते हुए गिलट बाजार, जेपी मेहता, फुलवरिया फ्लाईओवर होते हुए बरेका पहुंचा। रास्‍ते में कई जगह स्थानीय लोगों सहित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं और पदाध‍िकार‍ियों ने उनका स्‍वागत क‍ि‍या। प्रधानमंत्री ने भी वाहन से हाथ ह‍िलाकर लोगों का अभ‍िवादन क‍िया।

मोदी के स्वागत में काशीवासियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों ने अपने सांसद का स्वागत ‘मोदी-मोदी’ और ‘हर हर महादेव’ के नारों से किया। जगह-जगह सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया और उनके काफिले पर पुष्पवर्षा की गयी। हवाई अड्डे से बरेका जाते समय प्रधानमंत्री के काफिले पर जगह-जगह फूलों की वर्षा की गई। पूरा मार्ग केसरिया और तिरंगे रंगों की रोशनी से जगमगा उठा।

यहां हुआ पीएम मोदी का स्वागत

मोदी का शहर के संत अतुलानंद बाईपास, जेपी मेहता के पास, बरेका एफसीआई गोदाम, बरेका गेट के पास आदि अनेकों स्थानों पर स्वागत किया गया। जबकि बरेका पहुंचने पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का भव्य स्वागत किया। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के काशी क्षेत्र के अध्यक्ष दिलीप पटेल ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और आम जनमानस ने उनका जगह-जगह भव्य स्वागत किया।

पटेल ने बताया कि प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए बाबतपुर हवाई अड्डा के बाहर, संत अतुलानन्द बाई पास, जे पी मेहता के पास, बरेका एफसीआई गोदाम और बरेका गेट पर भाजपा प्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री का ढोल नगाड़ों और पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।

बनारस स्टेशन से वंदे भारत ट्रेनों को दिखाएंगे हरी झंडी

बयान के अनुसार प्रधानमंत्री मोदी आठ नवंबर को वाराणसी से देश को चार नयी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की सौगात देंगे। इनमें सबसे प्रमुख ट्रेन वाराणसी से खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस होगी, जो काशीवासियों और पूर्वांचल के लिए एक बेहतरीन सेवा मानी जा रही है। प्रधानमंत्री इन ट्रेनों को बनारस (पूर्व मंडुवाडीह) रेलवे स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित कई अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहेंगे। इसके अलावा प्रधानमंत्री वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से तीन अन्य वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को भी हरी झंडी दिखाएंगे। इनमें लखनऊ से सहारनपुर वंदे भारत एक्सप्रेस, फिरोजपुर से दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस, एर्नाकुलम से बेंगलुरु वंदे भारत एक्सप्रेस, प्रधानमंत्री इस अवसर पर बनारस स्टेशन पर मौजूद गणमान्य लोगों से संवाद भी कर सकते हैं।

बनारस–खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस के संचालन से धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को एक नया आयाम मिलेगा। यह ट्रेन वाराणसी, प्रयागराज, चित्रकूट और खजुराहो जैसे धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों को आपस में जोड़ेगी। नयी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन वर्तमान में चल रही विशेष ट्रेनों की तुलना में करीब दो घंटे 40 मिनट का समय बचाएगी।

इससे यात्रियों को तेज, आरामदायक और आधुनिक यात्रा का अनुभव मिलेगा। साथ ही यह ट्रेन यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल खजुराहो तक श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुगम पहुंच प्रदान करेगी, जिससे पर्यटन उद्योग को नया आयाम और आर्थिक गति मिलेगी। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक स्तर पर तैयारी की गयी है।

लेटेस्ट न्यूज

Pushpendra Kumar
Pushpendra Kumar Author

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद ... और देखें

End of Article