उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव आज वाराणसी दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने अयोध्या जिले की मिल्कीपुर विधानसभा सीट के उपचुनाव में पार्टी प्रत्याशी की हार को सत्तारूढ़ भाजपा की चार सौ बीसी करार दिया। उन्होंने कहा, '2027 में बीजेपी की चार सौ बीसी नही चलेगी, एक सीट पर तो आपने चार सौ बीसी कर ली, लेकिन 403 सीट पर आपकी चार सौ बीसी नही चलेगी। दिल्ली चुनाव में मिली हार से हम सबक लेंगे और इंडिया गठबंधन 2027 में मजबूती से लड़ेगा।'
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गाजीपुर के सांसद अफजाल अंसारी के बयान का समर्थन किया है। उन्होंने कहा, 'जो विज्ञान समझते हैं वो ये जानते हैं कि न तो कोई स्वर्ग है न कोई नर्क है। परम्परा से हम ये सुनते आए हैं इसलिए मान लेते हैं।' अखिलेश ने कहा, 'बीजेपी की कोशिश है कि आम लोगों में ऐसा नरेटिव सेट हो कि कुम्भ बीजेपी ने ही लगवाना शुरू किया है। राजा हर्षवर्धन तक को भुलाने की कोशिश हो रही है।'
सपा सुप्रीमो ने कहा, 'प्रधानमंत्री जी अमेरिका गए हैं, पिछली बार हीरा देकर आए थे, इस बार भले सोना देकर आएं, लेकिन ये सुनिश्चित कर लें कि कोई भी भारतीय बेड़ियों में न आए।'
अखिलेश यादव ने कहा कि मिल्कीपुर उपचुनाव में बेईमानी हुई, चार सौ बीसी हुई। वो एक सीट पर तो चार सौ बीसी कर सकते हैं, लेकिन चार सौ तीन सीट पर वो ये नही कर पाएंगे। हरियाणा, महाराष्ट्र और दिल्ली में मिली हार के बाद हमने सबक लिया है। 2027 में यूपी में इंडिया गठबंधन मजबूती से चुनाव लड़ेगा।
मुफ्त की रेवड़ी कल्चर पर सुप्रीम कोर्ट के टिप्पणी पर बात करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि हमारा संविधान गरीब वर्ग की मदद करने की इजाजत देता है। उन्होंने कहा, दुनियाभर में गरीबों की मदद की जाती है। उन्होंने कहा कि भाजपा के वादों को रेवड़ी इस लिए कहेंगे, क्योंकि उनकी रेवड़ी अच्छे दिन थी, अब ये अच्छे दिन की रेवड़ी किस दुकान पर मिलेगी? उन्होंने कहा, हमने लैपटॉप बांटे थे, उससे युवाओं ने पढ़ाई की, कुछ ने रोजगार किए होंगे, उसे रेवड़ी नहीं कह सकते।
अखिलेश यादव ने कहा कि देश में जो महंगाई है, वही भारतीय जनता पार्टी को ले डूबेगी। उन्होंने कहा, भाजपा ने मां गंगा को साफ करने की बात कही थी, आप ही बताओ क्या मां गंगा साफ हो गई? उन्होंने कहा, वरुणा और गोमती को साफ करने का जो हमारा मॉडल था वही देश की नदियों को साफ करने का मॉडल है।
