Varanasi Firecracker Factory Explosion: वाराणसी के सारनाथ थाना क्षेत्र स्थित सारंग तालाब में पटाखा की फैक्ट्री में भीषण विस्फोट हो गया। विस्फोट इतना तेज था कि मकान का पूरा हिस्सा गिर गया। हादसे के बाद मलबे में कई लोगों के दबे होने की खबर है। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस और दमकल की गाड़ियां पहुंच गई हैं। इसके साथ ही राहत बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। मिली खबर के अनुसार, अब तक दो लोगों को मलबे से बाहर निकाला गया है।
कई लोगों के दबे होने की आशंका
खबर के अनुसार, मलबे में अभी भी कई लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। गंभीर स्थिति को देखते हुए NDRF की टीम को भी बुलाया गया है। वहीं मौके पर अफरा-तफरी का माहौल है। इस पूरे इलाके को पुलिस ने घेर लिया है। आस-पास के लोगों ने बताया कि धमाका इतना भयानक था कि उन्हें पहले लगा कि भूकंप आया है। हालांकि, यह पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट था। बताया जा रहा है कि सारनाथ थाना क्षेत्र के पैगंबरपुर गांव के सारंग तालाब के पास मकान में चोरी-छुपे पटाखे बनाए जा रहे थे।
मिली जानकारी के अनुसार, पटाखा बनाते समय दोपहर में अचानक से तेज धमाके के साथ ब्लास्ट हो गया। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि कई किलोमीटर दूर के लोग कांप उठे। इससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जैसे ही घटना की सूचना मिली, वैसे ही सारनाथ थाने की पुलिस के साथ आला अधिकारी और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। जानकारी के अनुसार, मलबे से निकाले गए दोनों घायलों को अस्पताल भेजा गया है।
प्रयागराज में हो चुकी है घटना
गौरतलब है कि पिछले महीने प्रयागराज के नजदीक कौशांबी जिले के मनौरी इलाके में एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में भीषण धमाके में दर्जनों लोगों की मौत हो गई थी। धमाका इतना जबरदस्त था कि कई लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, वहीं कई लोगों ने अस्पताल में दम तोड़ दिया था।
