शहर

वाराणसी में सिलेंडर ब्लास्ट का Live Video, भरभराकर ढहा घर, दो लोगों की मौत

वाराणसी के लहरतारा गांव में एलपीजी सिलेंडर फटने से एक मकान ढह गया, जिसमें एक ही परिवार के दो लोगों की मौत हो गई। वहीं दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा गैस लीकेज के कारण होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम मामले की जांच कर रही है।

Varanasi Cylinder Blast: उत्तर प्रदेश के वाराणसी में मंगलवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। जहां एक घर में एलपीजी सिलेंडर ब्लास्ट हो गया। यह धमाका इतना जोरदार था कि पूरा मकान ही ढह गया। इस घटना में एक ही परिवार के चार लोग मलबे में दब गए। जिनमें से दो की इलाज के दौरान मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में गैस लीक के कारण सिलेंडर फटने की आशंका जताई जा रही है। इस घटना का लाइव वीडियो भी सामने आया है।

गैस लीकेज से सिलेंडर फटा

यह हादसा मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के लहरतारा गांव में हुआ। नकारी के अनुसार, गिरिजा देवी नाम की एक महिला अपने तीन बच्चों के साथ एक पुराने एक मंजिला घर में रह रही थीं। आज सुबह करीब 8 बजे वह रोज की तरह किचन में खाना बनाने के लिए गईं। गैस जलाने के लिए जैसे ही उन्होंने लाइटर जलाया, तभी गैस लीक होने के कारण अचानक आग लग गई और तेज धमाके के साथ सिलेंडर फट गया।

मलबे में दबे चार लोग

धमाका के कारण पूरा मकान ढह गया और अंदर मौजूद सभी लोग मलबे के नीचे दब गए। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर बचाव कार्य शुरू किया और दबे लोगों को बाहर निकाला। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान गिरिजा देवी के 28 वर्षीय बेटे ओमप्रकाश और 24 वर्षीय बेटी प्रीति की मौत हो गई। वहीं गिरिजा देवी की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि एक अन्य सदस्य का ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा है।

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटनास्थल पर पर पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम भी पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि महिला को संभवत: गैस लीकेज के बारे में पता नहीं चल पाया होगा, जिस कारण यह हादसा हुआ। फिलहाल मामले की जांच जारी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!