शहर

उत्तरकाशी में बड़ा हादसा, बादल फटने से 8–9 मजदूर लापता, यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग बाधित

Uttarkashi News Today (उत्तरकाशी की खबर ): उत्तरकाशी जिले के बड़कोट क्षेत्र में सिलाई वैण्ड और बलिगढ़ के पास बादल फटने की गंभीर घटना सामने आई है। निर्माणाधीन होटल साइट पर कार्यरत 8–9 मजदूर लापता हैं, जिनकी तलाश में बचाव दल मौके पर जुटे हैं। यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग कई स्थानों पर बाधित हो गया है, और आसपास के क्षेत्रों में कृषि भूमि को नुकसान पहुंचा है।

Image

बलिगढ़ के पास बादल फटा

Photo : Times Now Digital

Uttarkashi News: उत्तरकाशी जिले के बड़कोट स्थित सिलाई वैण्ड के पास अतिवृष्टि और बादल फटने की सूचना मिली है। घटना स्थल पर एसडीआरएफ, पुलिस और राजस्व विभाग की टीमें मौजूद हैं। इस आपदा में 8–9 मजदूरों के लापता होने की जानकारी है, जिनकी खोजबीन के लिए सर्च अभियान जारी है।

यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग भी सिलाई बैण्ड के पास दो से तीन स्थानों पर बाधित हो गया है, जिसकी जानकारी एनएच बड़कोट को दे दी गई है। इसके अलावा, कुथनौर क्षेत्र में भी बादल फटने और भारी वर्षा के कारण स्थानीय ग्रामीणों की कृषि भूमि को नुकसान पहुँचा है, हालांकि वर्तमान में वहां की स्थिति सामान्य बताई गई है और किसी प्रकार की जनहानि या पशुहानि की कोई खबर नहीं है।

उत्तरकाशी के जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने बताया कि जिले के बड़कोट-यमुनोत्री मार्ग पर बलिगढ़ में बादल फटने से निर्माणाधीन होटल साइट को भारी नुकसान पहुंचा है। निर्माणाधीन होटल साइट पर काम कर रहे 8-9 मजदूर लापता हैं। पुलिस, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ मौके पर रवाना हो गई है।

वहीं, रुद्रप्रयाग जिले में देर रात से लगातार बारिश हो रही है, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है। बद्रीनाथ हाईवे पर सिरोबगड़ के पास पहाड़ी से मलबा गिरने के कारण मार्ग बंद हो गया है। इसके चलते तीर्थयात्रियों को वैकल्पिक मार्ग डूंगरीपंत-छांतीखाल-खांखरा के रास्ते से गंतव्य तक पहुंचाया जा रहा है। प्रशासन ने स्थिति पर नजर बनाए रखते हुए राहत और सुरक्षा के उपाय शुरू कर दिए हैं।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!