शहर

Uttarakhand News: आधी रात कच्चे मकान की गिरी दीवार, अंदर सो रहे पूरे परिवार की मौत

Uttarakhand Uttarkashi News Today (उत्तरकाशी की खबर): उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में एक कच्चे मकान की दीवार गिर गई और उसकी चपेट में चार लोगों का एक पूरा परिवार आ गया। इस हादसे में सभी चार लोगों की मौत हो गई है। ऐसी आशंका जताई जा रही है कि इलाके में बारिश के बाद दीवार में कुछ कमजोरी आई होगी।

Image

घर की दीवार गिरने से चार लोगों की मौत (सांकेतिक तस्वीर)

Uttarakhand: उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में एक कच्चे मकान की दीवार गिरने से उसके मलबे में दबकर एक दंपति और उनके दो छोटे बच्चों समेत परिवार के सभी चार सदस्यों की मृत्यु हो गयी। ऐसी आशंका जताई जा रही है कि मकान का पुराना होना और हाल में इलाके में हुई बारिश से कमजोर होकर दीवार गिर गई होगी।

सुबह पहुंची टीम

उत्तरकाशी जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, मोरी क्षेत्र के राजस्व गांव ओडाटा की गूजर बस्ती में गुरुवार मध्यरात्रि के बाद दो बजे यह घटना हुई जब पत्थरों से बनी दीवार ढहने से मकान में सो रहे परिवार के सदस्य उसके नीचे दब गए। सुबह घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) की टीमें मुख्य सड़क से लगभग एक किलोमीटर ऊपर पैदल मार्ग पर स्थित बस्ती में पहुंचीं और तलाशी और राहत कार्य चलाया गया ।

दीवार गिरने का कारण अभी साफ नहीं

उन्होंने बताया कि मलबे से सभी चार लोगों के शव बरामद हो गए है जिनकी पहचान गुलाम हुसैन (26), उनकी पत्नी रुकमा खातून (23), उनके पुत्र आबिद (तीन) तथा उनकी दस माह की पुत्री सलमा के रूप में हुई है।

सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे मोरी के तहसीलदार जब्बर सिंह असवाल ने बताया कि दीवार गिरने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है लेकिन हाल में क्षेत्र में हुई बारिश या मकान की कमजोर स्थिति इसका संभावित कारण हो सकता है। उन्होंने यह भी बताया कि प्रशासन मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article