मेरठ के बहुचर्चित सौरभ राजपूत हत्याकांड में दोषी करार दिए गए मुस्कान रस्तोगी और साहिल शुक्ला की सजा पर कल यानी 14 अक्टूबर को फैसला आना है। फैसले से पहले दोनों की मनोदशा में बदलाव देखने को मिल रहा है। मेरठ जेल के वरिष्ठ जेल अधीक्षक डॉ. वीरेश राज शर्मा के मुताबिक, दोनों ने खाना कम कर दिया है और दूसरे बंदियों से बातचीत भी घटा दी है। हालांकि, दोनों की हालत सामान्य है और डॉक्टर लगातार उनकी निगरानी कर रहे हैं।
'अपनी बड़ी बेटी से मिलने के लिए बेहद उत्सुक है कातिल मुस्कान'
वरिष्ठ जेल अधीक्षक ने बताया कि मुस्कान अपनी बड़ी बेटी से मिलने के लिए बेहद उत्सुक है। वह बार-बार बेटी से मुलाकात की इच्छा जता रही है, लेकिन जेल प्रशासन के पास बेटी का पता या संपर्क नंबर नहीं है। ऐसे में मुस्कान को जेल मैनुअल के तहत परिजनों को पत्र लिखने की सुविधा दी गई है, ताकि बेटी से मुलाकात का रास्ता निकल सके।साहिल का है ऐसा हाल
वहीं, साहिल ने भी खेतीबाड़ी से जुड़ा अपना काम फिलहाल बंद कर दिया है। वह दूसरे बंदियों से कम बातचीत कर रहा है। जेल प्रशासन दोनों की गतिविधियों और स्वास्थ्य पर नजर बनाए हुए है।
कैसे होगी पेशी अभी तय नहीं
कल अदालत में दोनों की पेशी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए होगी या उन्हें व्यक्तिगत रूप से पेश किया जाएगा, इस पर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। जेल प्रशासन का कहना है कि अदालत के आदेश के मुताबिक व्यवस्था की जाएगी। फिजिकल पेशी होने पर दोनों को विशेष पुलिस सुरक्षा में अदालत ले जाया जाएगा।
पति की हत्या कर नीले ड्रम में भर दिए थे शव के टुकड़े
गौरतलब है कि मर्चेंट नेवी अधिकारी सौरभ राजपूत की मार्च 2025 में हत्या कर दी गई थी। इस मामले में उनकी पत्नी मुस्कान रस्तोगी और उसके प्रेमी साहिल शुक्ला को 30 सितंबर 2026 को अदालत ने दोषी करार दिया था। मामले में आरोप था कि हत्या के बाद सौरभ के शव के टुकड़े कर उन्हें सीमेंट से भरे नीले ड्रम में छिपाया गया था। अब सभी की नजरें कल अदालत के फैसले पर टिकी हैं। दोनों को किस तरह की सजा सुनाई जाएगी, इसका फैसला न्यायालय करेगा।
