शहर

उत्तराखंड की हर्षिल वैली में बादल फटा, धराली में तबाही का मंजर; फ्लैश-फ्लड में कई घर और होम-स्टे बहे

आज यानी मंगलवार 5 अगस्त की दोपहर उत्तराखंड में उत्तरकाशी जिले की हर्षिल वैली में बादल फटने से जोरदार सैलाब आया, जिसकी चपेट में हर्षिल के पास ही मौजूद धराली कस्बा आ गया। इस फ्लैश फ्लड में कम से कम 15 घरों को नुकसान पहुंचने की सूचना है। जबकि 10 लोग लापता बताए जा रहे हैं।

Image

हर्षिल वैली में बादल फटने से तबाही

उत्तराखंड में इन दिनों मानसूनी बारिश की वजह से जहां-तहां तबाही के मंजर दिख रहे हैं। इस बीच उत्तरकाशी जिले की हर्षिल वैली में बादल फटने की खबर है। बादल फटने से यहां एक सैलाब (Flash Flood) आया, जिसकी चपेट में हर्षिल के पास ही मौजूद धराली कस्बा आ गया। बताया जा रहा है कि धराली में बरसाती नाले के आसपास बने कई घर बह गए हैं।

अब तक मिली जानकारी के अनुसार अनुमान जताया जा रहा है कि इस फ्लैशफ्लड में करीब 15 घर बह गए हैं। इसमें 10 लोगों के लापता होने की भी सूचना है। आर्मी और पुलिस की टीम राहत व बचाव कार्य में जुटी हैं। NDRF की टीम भटवाड़ी से धराली के लिए निकल चुकी है, जबकि ऋषिकेश से अन्य टीमें भी राहत व बचाव के लिए भेजी गई हैं।

इधर SDRF के आईजी अरुण मोहन जोशी ने बताया कि धराली के सबसे करीब मौजूद SDRF की टीम वहां पहुंच गई है और वहां राहत व बचाव कार्य में जुटी है। मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव आरके सुधांशु ने बताया कि DM और SP दोनों मौके के लिए रवाना हो गए हैं। उन्होंने कहा, आशंका है कि वहां लोगों की मौत हुई होगी। हमने एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों को वहां भेजा है।

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने हर्षिल में बादल फटने से आई तबाही के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से बात की। इस बीच ITBP की टीम को भी धराली के लिए रवाना कर दिया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बादल फटने की इस घटना और उससे हुए नुकसान पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने बताया कि NDRF, SDRF की टीमें युद्ध स्तर पर राहत व बचाव कार्य में जुटी हैं।

पुलिस और आर्मी की टीम मौके पर पहुंच गई है। जबकि एसडीआरएफ की टीम भी जल्द ही वहां पहुंच सकती है। SDRF की टीम भटवाड़ी से निकल गई है।

सूचना के अनुसार बादल फटने की यह घटना दोपहर 1.55 बजे हुई। पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने टाइम्सनाऊ नवभारत से बात करते हुए बताया कि वहां पर काफी नुकसान हुआ है, लेकिन जनहानि कितनी हुई है, अभी इसके बारे में नहीं कहा जा सकता।

धराली गंगोत्री रूट पर है और यह क्षेत्र धार्मिक व सामरिक दृष्टि से भी काफी महत्वपूर्ण है। निलॉन्ग वैली के लिए भी यहां से रास्ता जाता है, जहां पर अतंरराष्ट्रीय बॉर्डर है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article