शहर

Uttarakhand के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की निशुल्क ऑनलाइन कोचिंग कराएगी धामी सरकार

उत्तराखंड सरकार मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना-2026 शुरू करने जा रही है। योजना के तहत विश्वविद्यालयों और सरकारी व सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में पढ़ रहे विद्यार्थियों को UPSC, PSC, CDS, SSC, बैंकिंग, रेलवे सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग मिलेगी।

Image

मुख्यंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे योजना की शुरुआत

उत्तराखंड के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में राज्य सरकार की मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना-2026 जल्द शुरू होने जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी योजना को पहले ही मंजूरी दे चुके हैं। अब इसका विधिवत शुभारंभ स्वयं मुख्यमंत्री धामी करेंगे। इसके बाद पात्र विद्यार्थियों को ऑनलाइन कोचिंग उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू होगी।

योजना का उद्देश्य राज्य के युवाओं को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन और अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराना है। सरकार की इस पहल के तहत उच्च शिक्षा हासिल कर रहे विद्यार्थियों को घर बैठे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग की सुविधा मिलेगी।

किन परीक्षाओं की तैयारी कर सकेंगे छात्र?

मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना-2026 के दायरे में कई प्रमुख प्रतियोगी परीक्षाओं को शामिल किया गया है। इसमें सिविल सर्विसेज (UPSC/PSC), रक्षा सेवाओं की CDS परीक्षा, बैंकिंग, रेलवे और SSC जैसी परीक्षाएं शामिल हैं। इसके अलावा प्रतिष्ठित उच्च शिक्षण संस्थानों में एडमिशन और पात्रता से जुड़ी परीक्षाओं की तैयारी भी कराई जाएगी।

योजना के तहत CAT, MAT, GATE, NET और CSIR-NET जैसी परीक्षाओं के लिए भी ऑनलाइन कोचिंग और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। इससे विद्यार्थियों को अलग-अलग क्षेत्रों में करियर बनाने के लिए एक ही प्लेटफॉर्म के माध्यम से तैयारी का अवसर मिल सकेगा।

पर्वतीय क्षेत्रों के युवाओं को मिलेगा बड़ा लाभ

इस योजना को खासतौर पर उत्तराखंड के दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इन क्षेत्रों में प्रतियोगी परीक्षाओं की महंगी कोचिंग और गुणवत्तापूर्ण अध्ययन संसाधनों तक पहुंच सीमित रहती है। ऑनलाइन माध्यम से कोचिंग मिलने पर विद्यार्थी अपने घर या कॉलेज से ही तैयारी कर सकेंगे।

सरकार का मानना है कि आर्थिक संसाधनों की कमी के कारण निजी कोचिंग का लाभ नहीं उठा पाने वाले विद्यार्थियों को भी इससे बेहतर अवसर मिलेगा। योजना राज्य के विश्वविद्यालयों तथा शासकीय और अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों को केंद्र में रखकर लागू की जाएगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा योजना के शुभारंभ की तारिख जल्द निर्धारित की जाएगी। शुभारंभ के साथ ही विद्यार्थियों को ऑनलाइन कोचिंग उपलब्ध कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। इससे उत्तराखंड के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए राज्य स्तर पर एक संगठित और निःशुल्क शैक्षणिक मंच उपलब्ध होने की उम्मीद है।

Times Now Navbharat Digital
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article