उत्तर प्रदेश में आज का मौसम (25 Jan 2026): उत्तर प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर बदलाव के संकेत दिए हैं। मौसम विभाग के अनुसार आज प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में आसमान साफ रहने की संभावना है। दिन के समय धूप निकलने से तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे लोगों को ठंड से कुछ हद तक राहत मिलेगी, हालांकि सुबह और रात के समय ठंड का असर बना रहेगा। IMD के मुताबिक रविवार को प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहेगा और धूप के कारण दिन का तापमान थोड़ा सहज महसूस हो सकता है। अधिकतम तापमान लगभग 23 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान करीब 8 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इस दौरान करीब 14 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चल सकती हैं और नमी का स्तर लगभग 52 प्रतिशत के आसपास रहने की संभावना है।
राजधानी लखनऊ का मौसम कैसा रहेगा?
लखनऊ में शनिवार को दिन का अधिकतम तापमान करीब 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि रात के समय न्यूनतम तापमान लगभग 13 डिग्री के आसपास रहा। आज 25 जनवरी, रविवार को राजधानी में दिन और रात के तापमान के बीच साफ अंतर देखने को मिल सकता है। अनुमान है कि दिन में अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा, वहीं रात का न्यूनतम तापमान गिरकर लगभग 9 डिग्री सेल्सियस हो सकता है। वहीं हालिया बारिश के चलते लखनऊ की वायु गुणवत्ता में भी हल्का सुधार दर्ज किया गया है। शनिवार शाम के समय शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 250 से नीचे रिकॉर्ड किया गया।
नया पश्चिमी विक्षोभ होगा सक्रिय
मौसम विशेषज्ञ अतुल कुमार सिंह के अनुसार, उत्तर-पाकिस्तान क्षेत्र में बने एक मजबूत निम्न दबाव क्षेत्र और पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश हुई है। जैसे-जैसे आसमान साफ होगा, अगले 48 घंटों के भीतर न्यूनतम तापमान में लगभग 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखने को मिल सकती है। वहीं अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने के संकेत हैं। बरेली और कानपुर में अन्य इलाकों की तुलना में ठंड अधिक रहने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 27 जनवरी से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने वाला है। इसके असर से 28 जनवरी तक प्रदेश के कई हिस्सों में फिर से बारिश होने की संभावना है। इस दौरान न्यूनतम तापमान में दोबारा 2 से 4 डिग्री तक की बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन इसके बाद ठंड और पाला जैसी परिस्थितियां फिर तेज हो सकती हैं।
क्या है IMD का पूर्वानुमान?
IMD की रिपोर्ट के मुताबिक, आने वाले दिनों में उत्तर प्रदेश में न्यूनतम तापमान में अगले दो दिनों तक कोई विशेष परिवर्तन नहीं होगा, इसके बाद 2–3 दिनों में तापमान में लगभग 4–6°C की धीरे-धीरे वृद्धि होने की संभावना है और फिर उसके बाद अगले दो दिनों में 3–5°C की गिरावट आ सकती है। 27 से 28 जनवरी 2026 के दौरान उत्तर प्रदेश के पश्चिमी व आसपास के मैदानी इलाकों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जिसके साथ बिजली गिरने और 30–40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है, जो झोंकों में 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं। ठंड के लिहाज से, 25 और 26 जनवरी को राज्य के कुछ इलाकों में शीतलहर जैसी परिस्थितियां बन सकती हैं।
