शहर

उत्तर प्रदेश का मौसम (14 Jan 2026) UP Weather Today: आज भी ठंड से कांपेगा यूपी; कोहरे, शीतलहर और बारिश को लेकर IMD का बड़ा अलर्ट

उत्तर प्रदेश का मौसम (उत्तर प्रदेश में आज का मौसम कैसा रहेगा) 14 Jan 2026: उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर रखा है। मौसम विभाग ने आज यानी 14 जनवरी को लेकर राज्य के कई जिलों में कोहरे की गंभीर स्थिति को देखते हुए अलर्ट जारी किया है। कम दृश्यता और गिरते तापमान के चलते आने वाले दिनों में भी लोगों को सतर्क रहने की जरूरत बताई गई है।

UP Weather Today

यूपी में आज का मौसम

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

उत्तर प्रदेश में आज का मौसम (14 Jan 2026): उत्तर प्रदेश में भीषण ठंड के साथ घना कोहरा लगातार लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है। मौसम विभाग ने आज 14 जनवरी के लिए नया पूर्वानुमान जारी करते हुए राज्य के कई जिलों में कोहरे को लेकर ऑरेंज और येलो अलर्ट घोषित किया है। विभाग का कहना है कि पश्चिमी और तराई क्षेत्रों में दृश्यता काफी कम हो सकती है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने वाहन चालकों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है।

मंगलवार को प्रदेश के अनेक जिलों में शीत लहर का असर देखने को मिला। मुजफ्फरनगर में न्यूनतम तापमान 2.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा, जबकि मेरठ 2.9 डिग्री तापमान के साथ दूसरे स्थान पर रहा। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के बाद हवाओं की दिशा फिर से उत्तर-पश्चिमी हो गई है, जिसके चलते पिछले 48 घंटों में प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में दिन और रात के तापमान में 2 से 4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। राजधानी लखनऊ में भी इस मौसम का अब तक का सबसे कम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। घने कोहरे की वजह से लंबी दूरी की ट्रेनों के संचालन और सड़क यातायात पर असर पड़ने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों तक सुबह और रात के समय ठिठुरन और कोहरे से राहत मिलने के आसार कम हैं।

इन जगहों पर रहेगा अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार आज कुछ जिलों में घना से अत्यंत घना कोहरा छाने की प्रबल आशंका है, जहां दृश्यता घटकर लगभग शून्य तक पहुंच सकती है। इनमें सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली और इनके आसपास के क्षेत्र शामिल हैं। इसके अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और बुंदेलखंड के कई जिलों में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, अमरोहा, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर सहित आसपास के इलाके शामिल हैं।

राजधानी लखनऊ के तापमान का पूर्वानुमान

दिनअधिकतम तापमान (°)न्यूनतम तापमान (°)
बुधवार228
गुरुवार229
शुक्रवार2310
शनिवार2311

क्या है IMD का पूर्वानुमान?

उत्तर प्रदेश में आने वाले 48 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। कोहरे की स्थिति पर नजर डालें तो पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 19 जनवरी तक सुबह के समय कुछ स्थानों पर घना से अत्यंत घना कोहरा छाया रह सकता है, जबकि 20 जनवरी को कहीं-कहीं घना कोहरा देखने को मिल सकता है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में 15 और 16 जनवरी को अलग-अलग इलाकों में घना कोहरा रहने की संभावना है तथा 17 से 20 जनवरी के बीच कई क्षेत्रों में सुबह के समय घना से बहुत घना कोहरा छाया रह सकता है। इसके अतिरिक्त, 18 और 19 जनवरी को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने के आसार हैं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

 Nilesh Dwivedi
Nilesh Dwivedi author

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अप... और देखें

End of Article