शहर

यूपी ब्यूरोक्रेसी में आधी रात को बड़ा उलटफेर, 20 IAS अफसरों के तबादले; देखें लिस्ट

उत्तर प्रदेश सरकार ने देर रात प्रशासनिक अमले में बड़ा फेरबदल करते हुए 20 IAS अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। चिकित्सा, राजस्व, ऊर्जा और संस्कृति जैसे कई अहम विभागों के मुखिया बदले गए हैं।

Image

यूपी में बड़ा प्रशासनिक उलटफेर

Photo : Times Now Digital

UP IAS Transfer: उत्तर प्रदेश सरकार ने गुरुवार देर रात प्रशासनिक व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने के उद्देश्य से एक बड़ा फेरबदल किया है। शासन ने तत्काल प्रभाव से 20 वरिष्ठ IAS अधिकारियों का तबादला कर दिया है। देर रात जारी की गई इस आधिकारिक सूची के अनुसार, सूबे के कई महत्वपूर्ण विभागों जैसे चिकित्सा शिक्षा, निबंधन, संस्कृति, ऊर्जा, महिला एवं बाल विकास, राजस्व और ग्रामीण विकास में बड़े स्तर पर नई तैनातियां की गई हैं। इस फेरबदल के तहत न सिर्फ विभागों के शीर्ष अधिकारी बदले गए हैं, बल्कि कई जिलों के मुख्य विकास अधिकारियों (CDO) को भी इधर से उधर किया गया है।

सुधा वर्मा नई श्रमायुक्त, नेहा शर्मा को चिकित्सा शिक्षा की जिम्मेदारी

इस प्रशासनिक फेरबदल में राजस्व विभाग की सचिव सुधा वर्मा को अब उत्तर प्रदेश का नया श्रमायुक्त (लेबर कमिश्नर) नियुक्त किया गया है। वहीं, IAS अधिकारी नेहा शर्मा को महानिदेशक, चिकित्सा शिक्षा एवं सचिव के पद पर नई तैनाती दी गई है। इसके अतिरिक्त, डॉ. सारिका मोहन को महानिरीक्षक, निबंधन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।

संस्कृति विभाग में बड़ा बदलाव, विशाल सिंह प्रभार से मुक्त

शासन द्वारा जारी सूची के अनुसार संस्कृति विभाग में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। सूचना निदेशक विशाल सिंह से विशेष सचिव संस्कृति और निदेशक संस्कृति का अतिरिक्त प्रभार वापस ले लिया गया है। उनकी जगह अब दीपा रंजन को संस्कृति विभाग की नई विशेष सचिव बनाया गया है, जबकि संजय कुमार सिंह-1 को निदेशक, संस्कृति का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

विकास और राजस्व विभागों में नए चेहरों की तैनाती

ग्रामीण विकास को गति देने के लिए अरुण कुमार को राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन का मिशन निदेशक नियुक्त किया गया है। मणिकन्दन ए. को अपर भूमि व्यवस्था आयुक्त, राजस्व परिषद की जिम्मेदारी मिली है। इसके साथ ही महिला एवं बाल विकास विभाग में रिया केजरीवाल को विशेष सचिव, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग बनाया गया है, जबकि IAS रेणु तिवारी को इस प्रभार से मुक्त कर दिया गया है। जग प्रवेश अब विशेष सचिव, वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग का जिम्मा संभालेंगे।

मध्यांचल विद्युत वितरण और चीनी मिल संघ में फेरबदल

ऊर्जा और सहकारिता क्षेत्र में भी शासन ने नई नियुक्तियां की हैं। संदीप भागिया को मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड का नया प्रबंध निदेशक (MD) नियुक्त किया गया है, जिन पर बिजली आपूर्ति और प्रशासनिक सुधारों की बड़ी जिम्मेदारी होगी। वहीं, डॉ. वंदना वर्मा को सहकारी चीनी मिल संघ का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इसके अलावा, जे. रीभा को अपर निदेशक, भूतत्व एवं खनिकर्म का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

कई जिलों के CDO और नगर आयुक्त बदले

ओजस्वी राज को मथुरा-वृंदावन नगर निगम का नया नगर आयुक्त बनाया गया है। वहीं, कई जिलों के मुख्य विकास अधिकारी (CDO) भी बदल दिए गए हैं, जिसमें IAS राकेश कुमार पटेल को आजमगढ़ का नया CDO, आलोक कुमार को बलिया का और संजय कुमार सिंह को इटावा का नया CDO नियुक्त किया गया है।

इसके साथ ही, टैक्स और प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए परीक्षित खटाना को अपर आयुक्त, राज्य कर गौतमबुद्ध नगर (नोएडा) और अजय कुमार गौतम को अपर आयुक्त, राज्य कर गाजियाबाद प्रथम के पद पर तैनात किया गया है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारी author

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृ... और देखें

End of Article