शहर

UP Weather Update Today: यूपी में आज भी जारी रहेगा बारिश का कहर, 27 जिलों में अलर्ट, प्रशासन अलर्ट मोड पर

UP Weather Update Today 27 September 2026: उत्तर प्रदेश में पिछले 3 दिनों से जारी बारिश से भारी तबाही हुई है। आज भी 27 जिलों में अलर्ट जारी है। देखिए आपके शहर में कैसा रहेगा मौसम।

Image

प्रदेश भर में बारिश से बिगड़े हालात

UP Weather Update Today 27 September 2026: उत्तर प्रदेश में पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने आम जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के 63 जिलों में सामान्य से कई गुना अधिक बारिश दर्ज की गई है। बीते 24 घंटों में पूरे प्रदेश में औसतन सामान्य से 19 गुना अधिक बारिश हुई है। इस प्राकृतिक आपदा, तेज आंधी और आकाशीय बिजली की चपेट में आने से अब तक कम से कम 10 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 17 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।

4 जिलों में ऑरेंज और 23 जिलों में येलो अलर्ट

मौसम विज्ञान केंद्र (IMD) ने प्रदेश के 27 जिलों में अलर्ट जारी किया है। मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत और आसपास के इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी करते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, यहां बहुत भारी बारिश की संभावना है। वहीं, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मेरठ, बागपत, संभल, अमरोहा, बदायूं, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, बहराइच, सीतापुर, गोंडा, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, श्रावस्ती, बस्ती, संतकबीरनगर, गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर और महराजगंज में भारी बारिश की संभावना के चलते येलो अलर्ट घोषित किया गया है।

सड़कों पर पानी और उखड़े पेड़, एक्सप्रेसवे भी प्रभावित

लगातार हो रही बारिश और आंधी के कारण लखनऊ, कानपुर और मुरादाबाद समेत कई जिलों में विशालकाय पेड़ उखड़कर सड़कों पर गिर गए, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। कई स्थानों पर मुख्य मार्ग बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो चुके हैं। भारी बारिश का असर महत्वाकांक्षी गंगा एक्सप्रेसवे पर भी देखने को मिला, जहां उन्नाव के बशीरतगंज इंटरचेंज के पास पानी भर जाने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई।

रिकॉर्ड तोड़ बारिश और प्रशासन की सतर्कता

मौसम आंकड़ों के मुताबिक, फर्रुखाबाद में सामान्य से 200 गुना, कानपुर नगर में 160 गुना और कन्नौज, कानपुर देहात तथा हरदोई जिलों में सामान्य से 130 गुना से अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है। अचानक आई इस आपदा को देखते हुए राज्य प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव दल तैनात कर दिए गए हैं तथा लोगों को अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article