शहर

UP Weather: यूपी में हाड़ कंपा रही ठंड, पछुआ हवाओं से बढ़ी गलन, 3 डिग्री तक लुढ़का पारा

UP Ka Mausam (यूपी में आज का मौसम कैसा रहेगा) 05-January-2026 लखनऊ, आगरा, अयोध्या, बरेली में मौसम का पूर्वानुमान: मौसम विभाग के अनुसार यूपी में गलन वाली सर्दी पड़ रही है। दिन में गुनगुनी धूप निकलने के बावजूद ठंड से राहत नहीं मिल रही है। कई जिले शीतलहर की चपेट में हैं। कानपुर में 3 डिग्री के करीब तापमान पहुंच गया है। मौसम विभाग ने आज 22 जिलों में कोल्ड डे का अलर्ट भी जारी किया है।

Image

आज यूपी का मौसम

UP Ka Mausam (यूपी में आज का मौसम कैसा रहेगा) 05-January-2026: उत्तर प्रदेश में हाड़ कंपाने वाली सर्दी पड़ रही है। रविवार को ठंड में और इजाफा हुआ है। गलन भरी पछुआ हवाओं के चलते कई जिलों के न्यूनतम तापमान में 3-6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। दिन में भी गलन का प्रभाव कम नहीं हुआ। पिछले 24 घंटों में सबसे ठंडा शहर कानपुर रहा। जहां का न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा इटावा, बरेली, बाराबंकी, हरदोई, शाहजहांपुर आदि जिलों में भी न्यूनतम तापमान 5 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आज 22 जिलों में कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 13 जिलों में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट है।

आज यूपी का मौसम कैसा रहेगा

मौसम विभाग के अनुसार आज पूर्वी और पश्चिमी यूपी में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। सुबह के समय 13 जिलों को छोड़कर शेष अन्य जिलों में कोहरे को लेकर ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है। सोमवार को कौशांबी, प्रयागराज, वाराणसी, संतरविदासनगर, गाजीपुर, आजमगढ़, जौनपुर, प्रतापगढ़, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बस्ती, संतकबीरनगर, अंबेडकरनगर और सुल्तानपुर में कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया गया है। अगले 48 घंटों में न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की संभावना भी जताई गई है।

यूपी में अगले 5 दिन मौसम का हाल

मौसम विभाग के अनुसार 10 जनवरी तक यूपी में मौसम शुष्क ही रहने के आसार हैं। हालांकि इस दौरान घने कोहरे और कड़ाके की ठंड से राहत मिलने की संभावना नहीं है। आईएमडी ने बताया कि पश्चिमी भारत को एक पश्चिमी विक्षोभ प्रभावित कर रहा है। जिसकी वजह से बर्फ से ढके पहाड़ी क्षेत्रों से सर्द और शुष्क उत्तर-पश्चिमी हवाएं प्रदेश में आ रही है। जिससे रात के तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है।

लखनऊ में आज कैसा रहेगा मौसम

यूपी की राजधानी लखनऊ में भी गलन भरी पछुआ हवाएं चल रही हैं। जिसकी वजह से दिन-रात कड़ाके की ठंड पड़ रही है। साथ ही तापमान में भी तेजी से गिरावट देखने को मिल रही है। शनिवार और रविवार की दरमियान रात को तापमान में 5.4 डिग्री सेल्सियस की भारी गिरावट दर्ज की गई। रविवार को सुबह के समय घने से मध्यम कोहरा भी छाया रहा। हालांकि दिन चढ़ने के साथ ही कोहरा छंट गया और गुनगुनी धूप निकल आई। लेकिन इससे ठंड में राहत नहीं मिली।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!