UP Weather Forecast: मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के 30 जिलों में शनिवार और रविवार को घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान नजीबाबाद में 6.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार लखनऊ समेत 30 जिलों में शनिवार और रविवार को, विशेष रूप से रात और सुबह के समय घना कोहरा छाये रहने के आसार हैं। शुक्रवार को भी राज्य के विभिन्न हिस्सों में घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता कम होकर लगभग 40 मीटर रह गई और अगले दो दिनों में सुधार होकर इसके लगभग 50 मीटर होने की उम्मीद है।
बड़े वाहनों के पीछे रिफ्लेक्टर
कोहरे को देखते हुए स्थानीय जिला प्रशासन ने अप्रिय घटनाओं को रोकने के लिए अभियान शुरू कर दिया है। राजधानी लखनऊ में पुलिस ने ग्रामीण इलाकों में ट्रक और ट्रैक्टर ट्रॉली समेत बड़े वाहनों के पीछे ‘रिफ्लेक्टर’ लगाने का अभियान शुरू किया है। बरेली, बाराबंकी, मुरादाबाद, अलीगढ़ समेत कई जिलों में यातायात पुलिस ने इसी तरह की पहल शुरू की है।
तापमान में आई गिरावट
इसी बीच, राज्य में न्यूनतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, बृहस्पतिवार सुबह आठ बजे से शुक्रवार सुबह आठ बजे तक 24 घंटे की अवधि के दौरान प्रदेश के अयोध्या, लखनऊ, मुरादाबाद, मेरठ मंडलों के अंतर्गत आने वाले जिलों में दिन के तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई।
