शहर

यूपी में आंधी-बारिश से भारी तबाही, अब तक 89 लोगों की मौत, कहीं टिन शेड के साथ उड़ा युवक-कहीं ओलों से फसलें बर्बाद; CM ने दिए राहत के निर्देश

उत्तर प्रदेश में बुधवार को आंधी, बारिश, ओलावृष्टि और बिजली गिरने से हुए हादसों में अब तक 89 लोगों की मौत हो गई, जबकि 53 लोग घायल बताए जा रहे हैं। बारिशजनित हादसों में 114 मवेशियों की भी मौत हुई और 87 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। सीएम योगी ने अधिकारियों को 24 घंटे के भीतर राहत पहुंचाने और प्रभावित परिवारों को मुआवजा देने के निर्देश दिए हैं।

Image

CM योगी ने दिए 24 घंटे में राहत के निर्देश

उत्तर प्रदेश में बुधवार को आए तेज आंधी-तूफान, बारिश और आकाशीय बिजली ने भारी कहर बरपाया है। पिछले 24 घंटों में मौसम जनित हादसों में अब तक 89 लोगों की मौत हो गई, जबकि 53 लोग घायल हुए हैं। मृतकों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। वहीं 19 जिलों में खराब मौसम ने भारी नुकसान पहुंचाया है। आंधी-तूफान से कहीं मकान क्षतिग्रस्त हुए, कहीं पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए। इस दौरान बड़ी संख्या में मवेशियों की भी जान गई। सभी जिलों में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को तत्काल राहत और मुआवजा पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।

सीएम ने बारिशजनित हादसों पर लिया संज्ञान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में बेमौसम बारिश, आंधी और बिजली गिरने से हुए नुकसान का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को 24 घंटे के अंदर प्रभावितों को राहत देने के आदेश दिये हैं। राहत आयुक्त कार्यालय द्वारा गुरुवार को 'एक्स' पर किये गये पोस्ट के अनुसार 13 मई को खराब मौसम के कारण आंधी-तूफान, बारिश, ओलावृष्टि तथा आकाशीय बिजली से प्रदेश में 89 लोगों की मौत हुई है। बयान के मुताबिक इन हादसों में 53 लोग घायल हुए, 87 मकान क्षतिग्रस्त हुए और 114 मवेशी मारे गए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसका संज्ञान लेते हुए सभी मण्डलायुक्तों और जिलाधिकारियों को आंधी तूफान के कारण हुए नुकसान का पूरी संवेदनशीलता के साथ सत्यापन कराते हुए 24 घंटे के अंदर प्रभावित परिवारों को सहायता धनराशि वितरित करने और प्रभावित परिवारों से सीधा संवाद स्थापित कर अन्य आवश्यक मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिये हैं।

प्रयागराज में आंधी-तूफान से 17 लोगों की मौत

यूपी के विभिन्न जिलों से मिली रिपोर्ट के मुताबिक प्रयागराज में 17, भदोही में 16, फतेहपुर में नौ, बदायूं में पांच, प्रतापगढ़ में चार, चंदौली और कुशीनगर में दो-दो और सोनभद्र जिले में एक व्यक्ति की मौत हो गई। प्रयागराज में जिला प्रशासन द्वारा जारी सूची के अनुसार बुधवार को जिले में आए आंधी तूफान की वजह से 17 लोगों की मौत हुई है। हंडिया क्षेत्र में सात, फूलपुर में चार, सोरांव में तीन, मेजा में दो और सदर क्षेत्र में एक व्यक्ति की मौत हुई है।

भदोही में आंधी-बारिश से 16 और फतेहपुर में 9 लोगों की मौत

भदोही में जिला प्रशासन के सूत्रों ने बताया कि जिले में बुधवार को आए आंधी-तूफान से जुड़ी दुर्घटनाओं में कम से कम 16 लोगों की मौत हुई है। अपर जिलाधिकारी कुंवर वीरेंद्र कुमार मौर्य ने कहा कि कई क्षेत्रों में आंधी-तूफान के कारण पेड़ तथा बिजली के खंभे उखड़ गए तथा कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए। फतेहपुर से मिली रिपोर्ट के मुताबिक अपर जिलाधिकारी अविनाश त्रिपाठी ने बताया कि फतेहपुर में तूफान जनित घटनाओं में नौ लोगों की मौत हो गई और 16 घायल हो गए। उन्होंने कहा, 'खागा तहसील में पांच महिलाओं सहित आठ लोगों की मौत हुई है। वहीं, सदर तहसील में एक घर की दीवार गिरने से एक महिला की मौत हो गई। इसके अलावा 16 अन्य लोग घायल हो गए।

बरेली में तूफानी मौसम से 5 लोगों की मौत

बरेली में भी बुधवार को आए चक्रवाती तूफान और तेज बारिश ने भारी तबाही मचाई। यहां आंवला और भमोरा इलाके में तेज आंधी और बारिश के कारण 5 लोगों की जान चली गई, जबकि कई मवेशी भी मारे गए। तूफान के बाद गांवों में जगह-जगह पेड़ और टीन शेड गिरे नजर आए। इस बीच भमोरा के बमियाना गांव से एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है, जिसमें एक युवक टीन शेड समेत तेज हवा में उड़ता हुआ दिखाई दिया। इस हादसे में नीचे गिरने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के लिए उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रतापगढ़ में आंधी-बिजली ने 4 लोगों की जान ली

प्रतापगढ़ से प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक जिले में बुधवार को अचानक मौसम के करवट बदलने के कारण उत्पन्न आंधी-तूफान और बारिश के बीच विभिन्न स्थानों पर सीमेंटेड शेड व दीवार गिरने और आकाशीय बिजली की चपेट में आने से चार लोगों की मौत हो गयी। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने बताया कि जिले में बुधवार को आंधी और बारिश के कारण लालगंज कोतवाली क्षेत्र के ओझा का पुरवा गांव में भीम यादव (25) नामक व्यक्ति की एक सीमेंट निर्मित शेड गिरने से मलबे में दब कर मौत हो गई। उन्होंने बताया कि इसके अलावा बाघ राय थाना क्षेत्र के सारी स्वामी गांव में भूषण पांडेय (56) नामक व्यक्ति की आंधी-तूफान के कारण गिरी दीवार के मलबे में दबने से मौत हो गई। भूकर ने बताया कि इसके अलावा आंधी-तूफान जनित दुर्घटनाओं में बाघ राय थाना क्षेत्र के नारंगपुर गांव में शांति देवी (46) और अंतू क्षेत्र के छतरपुर शिवाला रघना गांव निवासी लाल बहादुर (44) की मौत हो गई।

कानपुर में भी आंधी-बारिश का कहर

कानपुर देहात से प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक जिले में वर्षाजनित हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों के मुताबिक रसूलबाद के भौथारी गांव में रुचि (19) नामक युवती की खराब मौसम के बीच गिरी बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई। उन्होंने बताया कि रुचि तेज बारिश के दौरान बकरियों के साथ एक नीम के पेड़ के नीचे खड़ी थी तभी अचानक उस पर बिजली गिर गयी। बिजली की चपेट में आने से दर्जनों बकरियों की भी मौत हो गई। सूत्रों ने बताया कि घटनास्थल के पास खड़ा 60 साल का व्यक्ति भी घायल हो गया।

अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) दुष्यंत कुमार ने बताया कि मौतों और पशुधन के नुकसान के बारे में स्थानीय अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी गई है, और सरकारी नियमों के अनुसार आर्थिक मदद दी जाएगी। देवरिया से जिला प्रशासन के सूत्रों के हवाले से मिली रिपोर्ट के मुताबिक सदर कोतवाली क्षेत्र के भीमपुर गौरा निवासी कोमल यादव (62) की खराब मौसम के बीच गिरी बिजली की चपेट में आने से मृत्यु हो गई। इस दुर्घटना में दो अन्य लोग भी घायल हुए हैं। रिपोर्ट के अनुसार एक अन्य घटना में पथरदेवा क्षेत्र के नेरुआरी गांव निवासी रामनाथ प्रसाद (65) की भी बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई। इसके अलावा सोनभद्र में भी बारिश के दौरान गिरे पेड़ के नीचे दबने से माधव सिंह (38) नामक व्यक्ति की मौत हो गई।

24 घंटे में पीड़ितों को मुआवजा देने का CM का आदेश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में बेमौसम बारिश और आकाशीय बिजली गिरने से हुई जनहानि का संज्ञान लेते हुए 24 घंटे के अंदर पीड़ितों को मुआवजा देने का आदेश दिया है। उन्होंने संबंधित जिलाधिकारियों समेत विभिन्न विभागों के अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर पीड़ितों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए निर्देशित किया है। आदित्यनाथ ने अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने का निर्देश देते हुए राजस्व, कृषि विभाग और बीमा कंपनी से नुकसान का सर्वे कराकर शासन को भी अवगत कराने का आदेश दिया है।

(इनपुट - भाषा)

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Pooja Kumari
पूजा कुमारी author

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी... और देखें

End of Article