शहर

घर-घर पहुंचेंगे BLO, वोटर लिस्ट में मैपिंग नहीं होने पर नोटिस के लिए रहें तैयार; सत्यापन के लिए ये डॉक्यूमेंट जरूरी

घर का पता वेरिफिकेशन के लिए आधार कार्ड, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, राशन कार्ड, बिजली, पानी, टेलीफोन, गैस बिल, बैंक या पोस्ट ऑफिस पासबुक, रेंट एग्रीमेंट आदि दस्तावेज स्वीकार किए जाएंगे।

Image

(सांकेतिक फोटो -Istock)

ग्रेटर नोएडा : निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) शुक्रवार से घर-घर पहुंच कर सत्यापन शुरू करेंगे। इस अभियान के तहत उन मतदाताओं को नोटिस दिए जाएंगे, जिनकी मतदाता सूची में मैपिंग नहीं हो सकी है या जिनके विवरण में संशोधन/सत्यापन की आवश्यकता है। नोटिस देने के साथ-साथ BLO मतदाताओं से रिसीविंग भी लेंगे, ताकि प्रक्रिया की पुष्टि दर्ज हो सके।

जिला निर्वाचन कार्यालय के मुताबिक, इस अभियान के तहत कुल 1 लाख 76 हजार 228 मतदाताओं को नोटिस दिए जाने हैं। विधानसभा क्षेत्रवार आंकड़ों की बात करें तो नोएडा विधानसभा क्षेत्र में 57,504, दादरी में 98,858 और जेवर में 19,866 मतदाताओं को नोटिस जारी किए जाएंगे।

सत्यापन के लिए ये डॉक्यूमेंट अनिवार्य

अधिकारियों ने बताया कि जिन मतदाताओं की जन्मतिथि या पहचान संबंधी दस्तावेजों में अस्पष्टता है, उनसे आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा जाएगा। जन्मतिथि स्थापित करने के लिए जन्म प्रमाण पत्र, 10वीं/12वीं की मार्कशीट, पासपोर्ट, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, बीमा पॉलिसी या बैंक पासबुक जैसे दस्तावेज मान्य होंगे।

घर का पता वेरिफिकेशन के लिए आधार कार्ड, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, राशन कार्ड, बिजली, पानी, टेलीफोन, गैस बिल, बैंक या पोस्ट ऑफिस पासबुक, रेंट एग्रीमेंट आदि दस्तावेज स्वीकार किए जाएंगे। वहीं सरकारी कर्मचारी पहचान के लिए पेंशन दस्तावेज, जाति प्रमाण पत्र और निवास प्रमाण पत्र भी मान्य होंगे।

निर्वाचन कार्यालय ने मतदाताओं से अपील की है कि BLO के आने पर सहयोग करें, आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराएं और नोटिस की रिसीविंग अवश्य दें। इससे मतदाता सूची में किसी भी तरह की गड़बड़ी दूर होगी और आगामी चुनावों में पात्र मतदाताओं का नाम सूची में सुनिश्चित रूप से दर्ज रह सकेगा।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article