शहर

UP Police के इतिहास में स्वर्णिम अध्याय: शहीद इंस्पेक्टर सुनील कुमार को मरणोपरांत 'कीर्ति चक्र', CM योगी बोले- गर्व का क्षण

उत्तर प्रदेश पुलिस एसटीएफ के अमर बलिदानी इंस्पेक्टर सुनील कुमार को मरणोपरांत देश के दूसरे सबसे बड़े शांतिकालीन वीरता पुरस्कार 'कीर्ति चक्र' से अलंकृत किया गया है।

Image

खाकी का सर्वोच्च सम्मान: अमर शहीद सुनील कुमार को 'कीर्ति चक्र' (फोटो- PTI & UP Police)

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश पुलिस एसटीएफ (STF) के अमर बलिदानी इंस्पेक्टर दिवंगत सुनील कुमार को मरणोपरांत देश के दूसरे सबसे बड़े शांतिकालीन वीरता पुरस्कार 'कीर्ति चक्र' से अलंकृत किए जाने पर गहरा गर्व व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने इसे यूपी पुलिस के इतिहास का एक ऐतिहासिक और स्वर्णिम क्षण बताया है।

सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इंस्पेक्टर सुनील कुमार का यह सम्मान उनके अदम्य साहस, अप्रतिम पराक्रम और मातृभूमि के प्रति उनके सर्वोच्च समर्पण का राष्ट्रीय अभिनंदन है।

यूपी पुलिस के इतिहास में पहली बार मिला यह सम्मान

यह उत्तर प्रदेश पुलिस बल के इतिहास में पहला अवसर है जब उसके किसी वीर जवान को 'कीर्ति चक्र' से सम्मानित किया गया है। मुख्यमंत्री ने अपने पोस्ट में यह कहा कि यह अभूतपूर्व उपलब्धि न केवल राज्य के प्रत्येक पुलिसकर्मी का मनोबल बढ़ाने वाली है, बल्कि हर उत्तर प्रदेश वासी के लिए अत्यधिक गर्व और प्रेरणा का क्षण है।

यह सर्वोच्च वीरता सम्मान उत्तर प्रदेश पुलिस की बलिदानी परंपरा, अटूट कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के दृढ संकल्प को दर्शाता है।

शामली में दुर्दांत अपराधियों से लोहा लेते हुए हुए थे शहीद

इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने 20 जनवरी 2025 को उत्तर प्रदेश के शामली जिले में एक अत्यंत जोखिम भरे ऑपरेशन का नेतृत्व किया था। दुर्दांत और खतरनाक अपराधियों के विरुद्ध चलाए गए इस मुठभेड़ अभियान के दौरान वे वीरतापूर्वक लड़ते हुए कर्तव्य पथ पर अपने प्राणों की आहुति दे गए और वीरगति को प्राप्त हुए।

मुख्यमंत्री ने अमर बलिदानी इंस्पेक्टर सुनील कुमार को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएँ व्यक्त कीं और 'जय हिंद' के नारे के साथ देश की सुरक्षा में उनके योगदान को नमन किया।

स्वतंत्रता दिवस की बधाई

इससे पहले सीएम योगी ने स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश वासियों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।स्वतंत्रता का यह पावन पर्व माँ भारती के गौरव, अमर बलिदानियों के अमिट त्याग और राष्ट्र के स्वाभिमान का प्रतीक है। मातृभूमि की रक्षा हेतु अपना सर्वस्व समर्पित करने वाले सभी ज्ञात-अज्ञात वीरों को कोटि-कोटि नमन। आइए, अमर बलिदानियों के त्याग और समर्पण से प्रेरणा लेकर 'राष्ट्र प्रथम' की भावना को आत्मसात करें तथा कर्तव्यनिष्ठा और जनभागीदारी के माध्यम से 'विकसित भारत' एवं 'एक भारत-श्रेष्ठ भारत' के संकल्प की सिद्धि में अपना योगदान दें।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article