पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कांवड़ यात्रा के चरम पर पहुंचते ही मेरठ में सुरक्षा व्यवस्था को अत्यंत हाईटेक कर दिया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को मेरठ दौरे पर पहुंच रहे हैं, जहां वे शिवभक्त कांवड़ियों का भव्य स्वागत करेंगे और उन पर पुष्पवर्षा करेंगे। मुख्यमंत्री के इस प्रस्तावित VVIP दौरे को लेकर पुलिस और प्रशासनिक अमला पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। मुख्यमंत्री का यह दौरा करोड़ों शिवभक्तों की आस्था के प्रति सम्मान और राज्य सरकार की संवेदनशीलता का प्रतीक माना जा रहा है।
हिंडन से मेरठ तक हवाई सर्वेक्षण और पुष्पवर्षा का कार्यक्रम
प्रशासन द्वारा तैयार किए गए तय कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री हिंडन एयरपोर्ट से हेलिकॉप्टर द्वारा रवाना होकर हिंडन से लेकर मेरठ तक के पूरे कांवड़ मार्ग का हवाई सर्वेक्षण करेंगे और सुरक्षा, यातायात तथा अन्य इंतजामों का जायजा लेंगे। शोभित यूनिवर्सिटी परिसर में हेलिपैड तैयार किया गया है। NH-58 स्थित मोदीपुरम क्षेत्र के अंतर्गत दुल्हैड़ा पुलिस चौकी के समीप बने विशेष मंच से मुख्यमंत्री कांवड़ियों पर फूलों की बारिश कर उनका अभिनंदन करेंगे।
AI, CCTV, ड्रोन और कमांड सेंटर से 24 घंटे निगरानी
मुख्यमंत्री के आगमन से ठीक पहले एडीजी (मेरठ जोन) भानु भास्कर, डीआईजी कलानिधि नैथानी, डीएम डॉ. वीके सिंह और एसएसपी अविनाश पांडेय ने संयुक्त रूप से पूरे क्षेत्र का सघन निरीक्षण किया। एडीजी भानु भास्कर ने रिजर्व पुलिस लाइन स्थित एकीकृत केंद्रीय कमांड कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर सीसीटीवी, मैट्रिक्स सॉफ्टवेयर और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सिस्टम का जायजा लिया। अधिकारियों ने एनएच-58, पल्लवपुरम और मोदीपुरम पुलिस चौकी क्षेत्र में पैदल गश्त कर बैरिकेडिंग, ट्रैफिक डायवर्जन और पुलिस पिकेट का निरीक्षण किया। एसपी सिटी के नेतृत्व में ड्रोन कैमरों के माध्यम से मोदीपुरम से लेकर रुड़की रोड तक श्रद्धालुओं की आवाजाही और यातायात संचालन पर नजर रखी जा रही है। LIU, बम निरोधक दस्ता और एंटी-सबोटाज टीमें पूरे मोदीपुरम और आसपास के इलाकों की लगातार चेकिंग कर रही हैं।
कांवड़ियों की सुविधाओं का रखा जा रहा विशेष ध्यान
कांवड़ यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पूरे मार्ग में जगह-जगह मोबाइल मेडिकल टीमें, एम्बुलेंस और पेयजल स्टॉल लगाए गए हैं। कांवड़ियों के ठहरने और विश्राम के लिए शेल्टर होम और स्वच्छता बनाए रखने के लिए सफाई कर्मियों की विशेष तैनाती की गई है। सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक खबर या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
