शहर

उत्तर प्रदेश का मौसम (4 Apr 2026) UP Weather Today: यूपी में कुदरत का 'रौद्र रूप', 80KM की रफ्तार से आई आंधी ने मचाई तबाही; 45 जिलों में आज भी बादल और बिजली का साया

उत्तर प्रदेश का मौसम (यूपी में आज का मौसम कैसा रहेगा) 4 Apr 2026: उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच कुदरत ने अचानक ऐसी करवट ली कि शुक्रवार की शाम कई शहरों में मौसम बिगड़ गया। 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली धूल भरी आंधी और उसके बाद हुई ओलावृष्टि ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। आगरा और मथुरा जैसे जिलों में तो आसमानी आफत ने इस कदर तबाही मचाई कि पेड़-होर्डिंग्स गिर गए, काफी फसलें भी बर्बाद हो गईं।

Image

आज फिर 18 जिलों में ऑरेंज अलर्ट

Photo : Times Now Digital

यूपी में आज का मौसम (4 Apr 2026): उत्तर प्रदेश में शुक्रवार की रात कुदरत के दो अलग-अलग चेहरे देखने को मिले। एक तरफ जहां दिन भर की तपिश के बाद ठंडी हवाओं और बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दी, वहीं दूसरी ओर तूफानी आंधी ने भारी तबाही मचाई। आगरा के फतेहपुर सीकरी में आंधी इतनी जोरदार थी कि कई मकान जमींदोज हो गए, जिसमें कुछ लोग घायल हुए हैं। मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि यह सिलसिला अभी थमने वाला नहीं है और आज, शनिवार को भी प्रदेश के बड़े हिस्से में 'ऑरेंज अलर्ट' जारी रहेगा।

ब्लैक आउट और तबाही का मंजर (UP Weather Today)

शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे जैसे ही मौसम पलटा, देखते ही देखते पूरे प्रदेश में अंधेरा छा गया। 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाओं ने बिजली के खंभों और बड़े-बड़े होर्डिंग्स को तिनके की तरह उखाड़ फेंका। आगरा, मथुरा और आसपास के इलाकों में घंटों तक अंधेरा छाया रहा। सड़कों पर पेड़ गिरने से यातायात ठप हो गया और कई आयोजनों में अफरा-तफरी मच गई। बारिश के कारण हाईवे पर जलभराव होने से वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

किसानों की मेहनत पर फिरा पानी

इस बेमौसम बरसात और ओलावृष्टि ने सबसे ज्यादा चोट किसानों पर की है। आगरा के अकोला और बरौली अहीर ब्लॉक से लेकर मथुरा के कोसीकलां और नौहझील तक खेतों में बर्फ की सफेद चादर बिछ गई। गेहूं, जौ और सब्जियों की तैयार फसलें ओलों की मार से बर्बाद हो गई हैं।

आज भी 'ऑरेंज अलर्ट': इन जिलों में खतरा ज्यादा (UP IMD Alert Today)

मौसम विभाग के अनुसार, सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और अरब सागर से आ रही नमी के कारण शनिवार को भी मौसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा। पश्चिमी यूपी और बुंदेलखंड के जिलों, सहारनपुर, मेरठ, मथुरा, आगरा, झांसी, और ललितपुर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। यहां फिर से तेज आंधी, भारी बारिश और बड़े ओले गिरने की संभावना है। लखनऊ समेत पूर्वी यूपी के जिलों में भी गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं, जिससे तापमान में 3 से 5 डिग्री की गिरावट आएगी।

सावधानी ही बचाव है (IMD Advisory)

IMD का कहना है कि अगले 48 घंटों तक वातावरण में अस्थिरता बनी रहेगी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि आंधी के दौरान पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे शरण न लें। किसानों को सलाह दी गई है कि वे अपनी कटी हुई फसलों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने का इंतजाम तुरंत कर लें।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Nishant Tiwari
Nishant Tiwari author

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृ... और देखें

End of Article