शहर

UP Weather Today: यूपी में मौसम का यू-टर्न, घने कोहरे और गलन भरी ठंड की वापसी; इन जिलों में IMD का अलर्ट

उत्तर प्रदेश का मौसम (यूपी में आज का मौसम कैसा रहेगा) 29 Jan 2026: उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से बारिश का दौर जारी है। साथ ही सर्द हवाएं भी चल रही हैं। हालांकि आज से फिर मौसम करवट बदलने वाला है। बारिश और पछुआ हवाओं के कारण यूपी में फिर से ठंड बढ़ गई है। सुबह-शाम गलन भरी सर्दी का एहसास हो रहा है। आइए जानते हैं कि आज यूपी का मौसम कैसा रहेगा:

Image

यूपी का मौसम

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

यूपी में आज का मौसम (29 Jan 2026): उत्तर प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है। पिछले कुछ दिनों से यूपी में बारिश का मौसम देखने को मिल रहा है। कई हिस्सों में ओलावृष्टि भी दर्ज की गई। बुधवार को भी प्रदेश के मध्यांचल और पूर्वी हिस्से में कहीं-कहीं बारिश हुई। साथ ही तेज हवाएं भी चलीं। मौसम में हुए इस बदलाव के बाद एक बार फिर राज्य में ठंड बढ़ गई है। बारिश और सर्द हवाओं के कारण गलन भरी ठंड का एहसास हो रहा है। साथ ही घने कोहरे ने भी वापसी कर ली है। आज यूपी के कई हिस्सों में घना कोहरा छाया रहा सकता है। साथ ही शीतलहर जैसी स्थिति भी कुछ जिलों में दिख सकती है।

यूपी में आज कैसा रहेगा मौसम

यूपी में बारिश का मौसम आज से थम जाएगा। आईएमडी के अनुसार आज प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। सुबह के समय 15 जिलों में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। जिसमें सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज और कुशीनगर शामिल हैं। यूपी में अगले 3 दिन ऐसा ही शुष्क मौसम बना रह सकता है। जिसके बाद एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश में फिर से बारिश का मौसम देखने को मिल सकता है।

यूपी में तापमान गिरने से बढ़ेगी ठंड

मौसम विभाग के अनुसार यूपी में अगले 24 घंटे में पश्चिमी हिस्से में अधिकतम तापमान में अचानक से 4-6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी होने की संभावना है। जिसके बाद पूर्वी हिस्से में अचानक 2-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है। जिसके बाद अगले 3 दिन कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। इसके बाद 2-4 डिग्री सेल्सियस तापमान धीरे-धीरे बढ़ सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान में अगले 72 घंटों में अचानक 4-6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है। जिसके बाद 2-4 डिग्री सेल्सियस पारा ऊपर चढ़ सकता है।

जिलान्यूनतम तापमान
बुलंदशहर9 डिग्री सेल्सियस
बरेली9.2 डिग्री सेल्सियस
फतेहपुर10 डिग्री सेल्सियस
मेरठ10.1 डिग्री सेल्सियस
नजीबाबाद10.2 डिग्री सेल्सियस

यूपी का सबसे ठंडा जिला

यूपी में बुधवार को सबसे ठंडा जिला बुलंदशहर रहा। यहां का न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जिसके बाद बरेली में 9.2 डिग्री और फतेहपुर में 10 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम पारा रहा। इस दौरान सबसे अधिकतम तापमान प्रयागराज में 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बुधवार को यूपी में सबसे अधिक बारिश कन्नौज में 41 मिमी दर्ज की गई। जिसके बाद हरदोई में 32 मिमी, बाराबंकी में 24 मिमी, लखीमपुर खीरी में 21 मिमी, सीतापुर में 11 मिमी, बहराइच में 11.4 मिमी और गोंडा में 8.5 मिमी बारिश दर्ज हुई।

लखनऊ में आज कैसा रहेगा मौसम

लखनऊ में सुबह के समय कोहरे का प्रभाव देखने को मिलेगा। आज यहां बारिश की कोई संभावना नहीं है। मौसम शुष्क बना रह सकता है और दिन में हल्की धूप निकलने के भी आसार हैं। लखनऊ में आज अधिकतम तापमान में कोई बदलाव होने की उम्मीद नहीं है। वहीं न्यूनतम पारा एक डिग्री नीचे लुढ़क सकता है।

नोएडा में आज कैसा रहेगा मौसम

नोएडा में भी सुबह हल्का कोहरा छाया रह सकता है। साथ ही आसमान में धुंध भी नजर आ सकती है। नोएडा में भी आज बारिश की कोई संभावना नहीं जताई गई है। दिन में मौसम साफ रहने के आसार हैं। साथ ही धूप के दर्शन भी हो सकते हैं।

गाजियाबाद में आज कैसा रहेगा मौसम

गाजियाबाद में सुबह के समय हल्का कोहरा या धुंध छाई रह सकती है। हालांकि आज यहां मौसम साफ रहने के आसार हैं। सुबह के समय तापमान में गिरावट से ठिठुरन ज्यादा महसूस हो सकती है। आज यहां न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री तक गिरावट हो सकती है।

मेरठ में आज कैसा रहेगा मौसम

मेरठ में आज घने कोहरे की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने यहां मौसम शुष्क रहने के आसार जताए हैं। बारिश को लेकर कोई अनुमान नहीं जताया गया है। आज यहां अधिकतम तापमान 21 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस के करीब दर्ज किया जा सकता है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article