यूपी में आज का मौसम (13 March 2026): तपती गर्मी और तेज धूप की मार झेल रहे उत्तर प्रदेश के लोगों को जल्द ही बारिश की राहत मिलने वाली है। यूपी में मार्च के दूसरे सप्ताह में ही अधिकतम तापमान 38 डिग्री पार पहुंच चुका है। जिससे मार्च में ही झुलसाने वाली गर्मी का एहसास होने लगा है। पिछले कई दिनों से राज्य में शुष्क मौसम बना हुआ है। लेकिन दो दिन बाद यूपी में बारिश की दस्तक होने वाली है। मौसम विभाग के अनुसार 14 मार्च को एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है। जिसके कारण यूपी में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। जिससे गर्मी से भी हल्की राहत मिलने की उम्मीद है।
आज यूपी का मौसम कैसा रहेगा
मौसम विभाग के अनुसार यूपी में आज मौसम शुष्क बना रहेगा। आसमान साफ रहने के कारण सूरज भी अपने तेवर दिखाएगा। दिन में कड़क धूप निकलेगी, जिससे गर्मी दिनभर परेशान करेगी। राज्य में दो दिन ऐसा ही शुष्क मौसम बना रहेगा। इस दौरान बादल छाने या बारिश होने को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। 14 मार्च के बाद यूपी के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।
यूपी में कब होगी बारिश
IMD के अनुसार यूपी में 15 और 16 मार्च को पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में बारिश की संभावना है। इस दौरान कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती है। साथ ही 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलने की भी संभावना है। मौसम विभाग ने बारिश को लेकर दो दिन येलो अलर्ट भी जारी किया है। बारिश में आए इस बदलाव के कारण तापमान में भी गिरावट होने की संभावना है। जिससे गर्मी से भी हल्की राहत मिल सकती है।
बारिश से तापमान में गिरावट
यूपी में अगले 48 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में लगभग 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी होने की संभावना है। जिसके बाद अगले 3 दिनों में तापमान धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक कम होगा। जिसके बाद कोई बड़ा बदलाव होने के आसार नहीं हैं। हालांकि इस दौरान पारा सामान्य से काफी ऊपर बना रह सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान में भी अगले 72 घंटों में 2-3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी हो सकती है। जिसके बाद अगले 2 दिन यह अचानक 3-5 डिग्री सेल्सियस तक नीचे गिर सकता है। लेकिन इस दौरान न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर ही बने रहने की संभावना है।
यूपी के सबसे गर्म जिले
पिछले 24 घंटे के दौरान यूपी में सबसे गर्म जिला बांदा दर्ज किया गया, यहां का अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 6.4 डिग्री सेल्सियस अधिक है। जिसके बाद झांसी में 38.3 डिग्री, आगरा में 38.2 डिग्री, ओरई में 37.6 डिग्री और हमीरपुर में 37.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकॉर्ड हुआ। गुरुवार को सबसे कम न्यूनतम तापमान नजीबाबाद में 15.8 डिग्री सेल्सियस रहा। इस दौरान सबसे अधिक न्यूनतम तापमान भी बांदा में 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
