शहर

UP Weather Today: यूपी में बारिश से भीषण गर्मी पर ब्रेक, गाजियाबाद समेत कई जिलों में गिरे ओले; क्या आज भी बिगड़ा रहेगा मौसम?

उत्तर प्रदेश का मौसम (यूपी में आज का मौसम कैसा रहेगा) 01 May 2026: यूपी बारिश के चलते मौसम पूरी तरह बदल गया है। बीते दो दिनों से हो रही बारिश ने गर्मी से बड़ी राहत दिलाई है। आज यूपी में कैसा मौसम रहेगा, आइए जानते हैं:

Image

यूपी में आज कैसा रहेगा मौसम (AI Image)

यूपी में आज का मौसम (01 May 2026 Uttar Pradesh Weather Today): उत्तर प्रदेश में बारिश की एंट्री से मौसम पूरी तरह बदल गया है। दिन में तेज धूप की जगह अब बादलों ने ले ली है। बीते दो दिनों से लगातार यूपी में बारिश हो रही है। कहीं जगहों पर आंधी भी चली और कहीं-कहीं ओले भी दर्ज किए गए। बारिश के बाद गर्मी से बड़ी राहत मिली है और तापमान में भी काफी कमी दर्ज की गई। यूपी में आज मिलाजुला मौसम देखने को मिल सकता है। कहीं बारिश तो कहीं तेज धूप रहने की संभावना जताई गई है। हालांकि 2 मई से एक नए पश्चिमी विक्षोभ के चलते बारिश का नया दौर शुरू होने के आसार हैं। जिसके चलते आगामी 4-5 दिन बारिश का मौसम अभी बने रहने के आसार हैं।

यूपी में 1 मई को कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार आज पश्चिमी यूपी में मौसम साफ रहने का अनुमान है। वहीं पूर्वी हिस्से में बारिश होने की संभावना जताई गई है। इस दौरान बादल गरजने और बिजली गिरने की भी आशंका है। साथ ही तेज हवाएं भी चल सकती हैं। 2 मई को भी ऐसा ही मौसम रहेगा। जिसके बाद नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बारिश की गतिविधियों में फिर से बढ़ोत्तरी देखने को मिल सकती है। 4 से 6 मई के दौरान पूरे यूपी में तेज हवाओं संग झमाझम बारिश का अनुमान है।

यूपी में क्यों बदला मौसम

IMD के मुताबिक, उत्तरी पाकिस्तान और जम्मू-कश्मीर के आसपास बने चक्रवाती सिस्टम का प्रभाव यूपी में देखने को मिल रहा है। जिसके कारण पूरे प्रदेश का मौसम बदल गया है। यूपी में मई के पहले पहले हफ्ते में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। जिससे गर्मी से राहत मिलेगी। हालांकि इस दौरान आंधी-तूफान के हालात भी बनेंगे और कहीं-कहीं बिजली व ओले गिरने का भी अनुमान है।

यूपी में पिछले 24 घंटे में 20 जिलों में हुई बारिश

गुरुवार को यूपी का औसत अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस दौरान प्रदेश का सबसे गर्म जिला उरई रहा, यहां का अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जिसके बाद झांसी में 40.5 डिग्री और आगरा में 39.5 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा। वहीं सबसे ठंडी रात अयोध्या में रही, जहां 19.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ। गुरुवार को यूपी के 20 से अधिक जिलों में बारिश हुई। वहीं नोएडा, गाजियाबाद, आगरा, मथुरा और ललितपुर में ओले भी गिरे। झांसी और बरेली में भारी बारिश दर्ज की गई। जिसके कारण कई जगहों पर जलभराव की स्थिति भी देखने को मिली।

बारिश से घटा यूपी का तापमान

यूपी में बुधवार को भी करीब 38 जिलों में आंधी और बारिश दर्ज की गई थी। वहीं लखनऊ समेत 10 जिलों में ओले गिरे थे। आंधी के चलते पेड़ गिरने और बिजली के खंभे उखड़ने की कई घटनाएं भी सामने आई थी। प्रदेश में पिछले 48 घंटों के दौरान तापमान में करीब 10 से 12 डिग्री तक गिरावट हुई है। वहीं औसत बारिश 2.6 मिमी दर्ज की गई। कई इलाकों में 50 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं हवाएं भी चलीं।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!