शहर

UP : निवेश, रोजगार और इंडस्ट्री को रफ्तार, 'निवेश मित्र 3.0' लॉन्च; कंपनियों को मिला 2781 करोड़ इंसेंटिव

सीएम योगी ने ‘निवेश मित्र 3.0’ सिंगल विंडो सिस्टम का शुभारंभ करते हुए कहा इन प्रस्तावों से करीब ₹50,000 करोड़ के निवेश का मार्ग प्रशस्त होगा और लगभग 50 हजार युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होने की संभावना है।

Image

यूपी में निवेश मित्र 3.0’ सिंगल विंडो सिस्टम का शुभारंभ

लखनऊ : दुनिया के कई हिस्सों में जारी आर्थिक अनिश्चितता और अस्थिरता के बीच भारत और विशेष रूप से उत्तर प्रदेश निवेश और व्यापार के लिए सुरक्षित व भरोसेमंद गंतव्य के रूप में उभर रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को ‘निवेश मित्र 3.0’ सिंगल विंडो सिस्टम का शुभारंभ करते हुए कहा कि पिछले नौ वर्षों में पारदर्शी नीतियों, सख्त कानून-व्यवस्था, बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और उद्योग-अनुकूल माहौल के कारण प्रदेश की पहचान बदली है।

50 हजार युवाओं को मिलेगा रोजगार-CM योगी

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों की कंपनियों को कुल ₹2781 करोड़ से अधिक का इंसेंटिव वितरित किया। इसके साथ ही 45 कंपनियों को प्रोत्साहन राशि और 62 कंपनियों को लेटर ऑफ कंफर्ट (LOC) दिए गए। उन्होंने बताया कि इन प्रस्तावों से करीब ₹50,000 करोड़ के निवेश का मार्ग प्रशस्त होगा और लगभग 50 हजार युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होने की संभावना है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि निवेशकों का विश्वास ही प्रदेश की सबसे बड़ी पूंजी है। उत्तर प्रदेश के पास विशाल उपभोक्ता बाजार, कुशल युवा कार्यबल और दुनिया का सबसे अच्छा डेमोग्राफिक डिविडेंड है। साथ ही प्रदेश की स्ट्रेटेजिक लोकेशन, वर्ल्ड क्लास इंफ्रास्ट्रक्चर, मल्टी-मॉडल कनेक्टिविटी और मजबूत इंडस्ट्रियल इकोसिस्टम निवेशकों के लिए बड़े अवसर प्रदान कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘निवेश मित्र 3.0’ प्लेटफॉर्म के जरिए उद्योग स्थापित करने की प्रक्रिया को और आसान बनाया गया है। इसमें 43 से अधिक विभागों की 530 सेवाओं को सरल बनाकर 200 से कम सेवाओं में समेकित किया गया है। प्लेटफॉर्म में पैन आधारित सिंगल यूजर आईडी, डायनेमिक CAF, एआई चैटबॉट, रियल टाइम ट्रैकिंग और ऑटोमेटेड अलर्ट जैसी सुविधाएं जोड़ी गई हैं। यह प्रणाली नेशनल सिंगल विंडो सिस्टम, आईजीआरएस और जीआईएस लैंड बैंक से भी जुड़ी है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने निजी बिजनेस पार्क नीति को भी मंजूरी दी है, जिसके तहत निवेशक प्लग-एंड-प्ले मॉडल पर बिजनेस पार्क विकसित कर सकेंगे। वहीं पीएमयू कौशल कनेक्ट सेल और एंटरप्रेन्योरशिप डेवलपमेंट सेल के माध्यम से उद्योगों को आवश्यक कुशल मानव संसाधन और नए उद्यमियों को प्रोत्साहन दिया जाएगा।

उद्योगों के संचालन में आराजकता बर्दाश्त नहीं-योगी

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में उद्योगों के संचालन में किसी भी तरह की बाधा या अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने दोहराया कि सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति अपराध और माफिया के खिलाफ लगातार जारी है। योगी ने कहा, “यदि कोई अपराधी दुस्साहस करता है तो समझिए कि उसने यमराज के पास जाने का टिकट खुद ही काट लिया है।”

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’, आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स मंत्री सुनील कुमार शर्मा, राज्य मंत्री जसवंत सैनी, अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त दीपक कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Times Now Navbharat Digital
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article