शहर

UP : बकरीद की छुट्टी में बदलाव, अब 27 के बजाय 28 मई को रहेगा अवकाश; योगी सरकार का आया आदेश

उत्तर प्रदेश में बकरीद की छुट्टी में बदलाव किया गया है। शासन की ओर से आए आदेश के मुताबिक, अब 27 के बजाय 28 मई को सार्वजनिक अवकाश रखा गया है।

Image

यूपी में ईद-उल-अजहा की छुट्टी बदली

लखनऊ : उत्तर प्रदेश सरकार ने ईद-उल-अजहा (बकरीद) के त्योहार को देखते हुए राज्य में सार्वजनिक अवकाश की तारीख में बड़ा बदलाव किया है। शासन द्वारा जारी नए आदेश के अनुसार, अब प्रदेश में बकरीद की छुट्टी 27 मई के बजाय 28 मई (दिन गुरुवार) को होगी। चंद्र दर्शन (चाँद दिखने) के आधार पर त्योहार की तिथि बदलने के कारण सरकार को यह निर्णय लेना पड़ा है।

उत्तर प्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन अनुभाग द्वारा जारी इस आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, पूर्व में 17 नवंबर 2025 को जारी की गई अवकाश सूची में बकरीद के अवसर पर 27 मई (बुधवार) को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया था। हालांकि, विज्ञप्ति में यह स्पष्ट रूप से उल्लेखित था कि यह अवकाश पूरी तरह से चंद्र दर्शन की तिथि पर निर्भर करेगा और आवश्यकतानुसार इसमें बदलाव किया जा सकता है।

28 मई को ईद-उल-अजहा मनाने का निर्णय

चूंकि अब उत्तर प्रदेश में आधिकारिक तौर पर 28 मई को ईद-उल-अजहा (बकरीद) मनाए जाने का निर्णय लिया गया है, इसलिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने पूर्व घोषित अवकाश को संशोधित कर दिया है। प्रमुख सचिव एस.ओ.एस. रंगा राव द्वारा हस्ताक्षरित इस आदेश में कहा गया है कि 27 मई के अवकाश को परिवर्तित करते हुए अब 28 मई को पूरे प्रदेश में सार्वजनिक अवकाश रहेगा।

सभी मण्डलों को भेजा गया निर्देश

शासन ने इस आदेश की प्रतिलिपि उत्तर प्रदेश के सभी प्रमुख विभागों, समस्त अपर मुख्य सचिवों, राज्यपाल के प्रमुख सचिव, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव, इलाहाबाद उच्च न्यायालय (प्रयागराज) के निबंधक, सभी जिलाधिकारियों (DM), मण्डलायुक्तों और विभागाध्यक्षों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दी है। इसके अतिरिक्त, भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) कानपुर व लखनऊ और राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति को भी सूचित किया गया है, जिसके तहत इस दिन प्रदेश के सभी सरकारी कार्यालयों के साथ-साथ बैंक और शिक्षण संस्थान भी बंद रहेंगे।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article