Om Prakash Rajbhar Gunman Arrested: वाराणसी पुलिस ने शादी का झांसा देकर एक महिला का चार साल तक शारीरिक शोषण करने और गर्भपात कराने के आरोप में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर के गनर को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। सारनाथ थानाध्यक्ष पंकज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि थाना क्षेत्र की निवासी एक युवती ने मिर्जापुर के रहने वाले सिपाही और प्रदेश के पंचायती राज एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री ओमप्रकाश राजभर के गनर प्रशांत राय पर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण और गर्भपात कराये जाने का आरोप लगाया है।
त्रिपाठी के अनुसार, युवती ने तहरीर में कहा है कि सारनाथ के बेनीपुर में किराए पर रहने वाले राय से उसके पिछले चार साल से प्रेम संबंध थे और इसी दौरान उसने शादी का झांसा देकर उससे शारीरिक संबंध बनाए।
गर्भवती कर कराया गर्भपात
त्रिपाठी के मुताबिक, युवती का कहना है कि वह दो साल पहले राय के साथ रहने लगी और इस दौरान वह दो बार गर्भवती भी हुई लेकिन दोनों बार सिपाही ने उसका गर्भपात करा दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि युवती का आरोप है कि इसी बीच प्रशांत ने अप्रैल माह में गुपचुप तरीके से किसी अन्य महिला से शादी कर ली।
त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी सिपाही प्रशांत राय गाजीपुर में तैनात है और दो साल से कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर की सुरक्षा ड्यूटी पर है। उन्होंने बताया कि राय के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
वाराणसी में घाटों पर बंटी 'झालमुड़ी'
वाराणसी की अन्य खबरों में पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सफलता पर सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में गंगा के घाटों पर जश्न मनाया गया और पार्टी कार्यकर्ताओं ने मिठाइयों के साथ 'झालमुड़ी' बांटकर जीत का उत्सव मनाया।
दशाश्वमेध घाट समेत प्रमुख घाटों पर बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक, खासकर महिलाएं एकत्र हुईं। कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़े, एक-दूसरे को रंग लगाया और पश्चिम बंगाल के लोकप्रिय नाश्ते 'झालमुड़ी' का वितरण किया। इस मौके पर महिलाओं ने गंगा किनारे शंखनाद और पूजा-अर्चना की। कुछ स्थानों पर 'दुग्ध अभिषेक' भी किया गया।
