शहर

UP-Bihar Weather: यूपी-बिहार में तापमान में गिरावट, कोहरा और पछुआ हवाओं से बढ़ी सर्दी; जानें क्या कहता है IMD का पूर्वानुमान

UP-Bihar Weather 18 November: उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी से उत्तर प्रदेश और बिहार में ठंड तेजी से बढ़ रही है और न्यूनतम तापमान गिर रहा है। यूपी में कई जिलों में सुबह हल्का से मध्यम कोहरा छा रहा है, जबकि दिन में धूप निकलने से राहत मिलती है। वहीं बिहार में पछुआ हवाओं से ठंड और बढ़ गई है। आइए जानते हैं यूपी और बिहार के मौसम का हाल।

Image

यूपी बिहार में कैसा रहने वाला है मौसम का हाल

Photo : Times Now Digital

UP-Bihar Weather Today (यूपी-बिहार का मौसम 18 November): उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में हो रही लगातार बर्फबारी का असर अब मैदानी इलाकों में साफ दिखने लगा है। उत्तर प्रदेश और बिहार में ठंड तेजी से बढ़ रही है और न्यूनतम तापमान लगातार नीचे जा रहा है। पहाड़ों से चल रही बर्फीली हवाओं ने दोनों ही राज्यों में सर्दी के तेवर तीखे कर दिए हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि नवंबर के आखिरी सप्ताह में तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है।

यूपी में कैसा रहेगा मौसम

उत्तर प्रदेश में न्यूनतम तापमान गिरकर 8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जिससे सुबह और रात के समय ठंड का असर और बढ़ गया है। लखनऊ के आंचलिक मौसम केंद्र के अनुसार, मंगलवार को प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में सुबह हल्का कोहरा देखा गया। दिन चढ़ने के साथ मौसम सामान्य होगा, लेकिन सुबह का कोहरा 1 से 3 घंटे तक बना रहा है।

वाराणसी, प्रयागराज, बरेली, मेरठ, सहारनपुर, कानपुर, आगरा, मथुरा, इटावा, फिरोजाबाद सहित कई जिलों में हल्के से मध्यम कोहरे की संभावना जताई गई है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है। वर्तमान में प्रदेश में शुष्क उत्तर-पश्चिमी हवाएं चल रही हैं, जो ठंड को और बढ़ा रही हैं।

इन इलाकों में बढ़ी सर्द हवाओं की मार

राजधानी लखनऊ में सोमवार सुबह हल्का कोहरा देखने को मिला, जबकि दिन में धूप खिली रही। अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 12 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। नोएडा और गाजियाबाद में सुबह-शाम की ठंड और तेज हवाओं ने लोगों को गर्म कपड़ों का सहारा लेने पर मजबूर कर दिया है। आज नोएडा में अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है।

बिहार में पछुआ हवा से बढ़ी ठंड

बिहार में पछुआ हवाओं के कारण मौसम शुष्क बना हुआ है, लेकिन तापमान में उतार-चढ़ाव जारी है। सोमवार को पटना सहित 25 जिलों में अधिकतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई। पटना का अधिकतम तापमान 27.5 डिग्री रहा, जबकि मोतिहारी में पारा 30.8 डिग्री तक पहुंच गया जो राज्य में सबसे अधिक था। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, मंगलवार को भी राज्य में सुबह-शाम हल्की ठंड बनी रहेगी। तराई वाले जिलों में मध्यम कोहरा छाने की संभावना है। दिन में धूप रहने से हल्की राहत मिल सकती है, लेकिन रात में तापमान के फिर गिरने की आशंका है।

आगे बिहार में कैसा रहेगा मौसम

बिहार मौसम सेवा केंद्र का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक राज्य में मौसम शुष्क रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है। दिन में हल्की धूप के बावजूद रात के तापमान में गिरावट जारी रहेगी। अधिकतम तापमान 26 से 30 डिग्री और न्यूनतम 10 से 16 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। पछुआ हवाएं 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलती रहेंगी, जिससे सुबह-शाम की सर्दी और बढ़ेगी।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article