देश

कहीं बाथरूम में छिपे, तो कहीं गुरुद्वारे में ली पनाह... दिल्ली में लुका-छिपी का खेल खेलते रहे प्रदर्शनकारी

CJP Protest: ​​NDMC के वॉशरूम रात 10 बजे बंद होते हैं और सुबह 6 बजे खुलते हैं। प्रदर्शनकारियों ने सोचा था कि सुबह खुलते ही वे जंतर-मंतर की ओर कूच कर जाएंगे, लेकिन सुबह पुलिस की चेकिंग में उनकी योजना फेल हो गई।

Image

प्रदर्शनकारी (फोटो साभार- PTI)

CJP Protest: दिल्ली में CJP के प्रदर्शन के दौरान कुछ ऐसा नजारा देखने को मिला, जो पहले कभी नहीं देखा गया। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच पूरा दिन लुका-छिपी का खेल चलता रहा। हजारों पुलिसकर्मी और अर्धसैनिक बलों की तैनाती के बीच प्रदर्शनकारी हिरासत से बचने के लिए पब्लिक वॉशरूम से लेकर गुरुद्वारे तक में छिपते नजर आए। सबसे हैरान करने वाला नजारा कनॉट प्लेस के एक वॉशरूम में दिखा, जहां 20 से ज्यादा युवा प्रदर्शनकारी रात भर छिपे रहे। शुक्रवार को शहर भर में पाबंदियों के ऐलान के बाद धीरे-धीरे सभी प्रदर्शनकारी रात में वहां जमा हुए थे।

रात भर वॉशरूम में छिपे रहे प्रदर्शनकारी

दरअसल, NDMC के वॉशरूम रात 10 बजे बंद होते हैं और सुबह 6 बजे खुलते हैं। प्रदर्शनकारियों ने सोचा था कि सुबह खुलते ही वे जंतर-मंतर की ओर कूच कर जाएंगे, लेकिन सुबह पुलिस की चेकिंग में उनकी योजना फेल हो गई। पुलिस ने निरीक्षण के दौरान उन्हें वॉशरूम के अंदर पाया। पुलिस ने सभी प्रदर्शनकारियों को पकड़कर हिरासत वाली गाड़ियों में भर दिया गया। हिरासत में भी उनके चेहरे ढके हुए थे और वे गाड़ी के अंदर से ही नारे लगाते और जालियों वाली खिड़कियों को पीटते रहे।

बांग्ला साहिब के बाहर दिखा अनोखा नजारा

ऐसा ही नजारा गुरुद्वारा बांग्ला साहिब के बाहर भी दिखा। यहां रात भर पनाह लिए हुए युवा प्रदर्शनकारी बार-बार गुरुद्वारे से बाहर निकलकर प्रदर्शन में शामिल होते और पुलिस के आते ही फिर अंदर भाग जाते। यह सिलसिला सुबह से दोपहर तक चलता रहा। गुरुद्वारे के बाहर की गली में "इंकलाब जिंदाबाद" और "जय भीम" के नारे गूंजते रहे। जैसे ही प्रदर्शनकारी बाहर आते, पुलिस उन्हें दौड़ाकर हिरासत में ले लेती। कुछ प्रदर्शनकारी पुलिस से बचने के लिए गुरुद्वारे में छिप जाते, तो कुछ सिर पर कॉकरोच के एंटीना वाले हेलमेट पहने नजर आते।

पुलिस ने 500 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया

गौरतलब है कि भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पुलिस ने आज तकरीबन 500 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया। सुरक्षा पाबंदियों के बीच निजी सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र में काम करने वाले दिल्ली के एक निवासी ने इस प्रदर्शन के साथ एकजुटता दिखाने का अपना अनूठा तरीका निकाला। शिवाजी मेट्रो स्टेशन के पास एक फुटपाथ पर अकेले चल रहे आनंद नाम के प्रदर्शनकारी ने अपने हेलमेट में इस तरह बदलाव कराया हुआ था कि वह कॉकरोच के एंटीना जैसा दिखाई दे। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखे हुए है। जंतर-मंतर के पास भीड़ जमा होने से रोकने के लिए प्रमुख चौराहों और संपर्क मार्गों पर पुलिस बल तैनात किया गया था, जबकि सुरक्षाबलों ने फ्लैग मार्च भी किया और लोगों से निषेधाज्ञा का पालन करने की अपील की।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article