UP Bride Cancels Wedding: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में ससुराल पक्ष की लायी साड़ी ’पसंद नहीं’ आने पर दुल्हन ने शादी से इंकार कर दिया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट और बारात बिना शादी के लौट गयी। पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस उपाधीक्षक मोहम्मद फहीम कुरैशी ने बुधवार को बताया कि दोकटी थाना क्षेत्र के दलनछपरा गांव के निवासी अजय गोंड की बेटी कुमारी निकी का विवाह सहतवार थाना क्षेत्र के महादनपुर गांव के पवन गोंड के बेटे विशाल गोंड से तय हुआ था।
उन्होंने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार रेवती थाना क्षेत्र के गायघाट गांव के पंचरुख देवी मंदिर में वर और वधू पक्ष गत 11 मई को शादी के लिए पहुंचे और शाम को मंदिर प्रांगण में विवाह कार्यक्रम के दौरान ही दुल्हन को ससुराल पक्ष की ओर से लायी गयी साड़ी पसंद नहीं आई और उसने शादी से इनकार कर दिया।
वधु पक्ष के लोग मारपीट में घायल
कुरैशी ने बताया कि इस बात को लेकर वर व वधु पक्ष के लोगों के बीच विवाद हो गया और देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई, जिसमें वधु के भाई जीत नाथ गोंड, उसकी मां उमरावती देवी व एक अन्य महिला लक्ष्मी देवी घायल हो गयीं। उन्होंने बताया कि इस घटना के बाद बारात लौट गयी।
कुरैशी ने बताया कि इस मामले में वधू के पिता अजय गोंड की तहरीर पर दूल्हे विशाल और ससुराल पक्ष के पवन, मनोज, हरेराम तथा चार से छह अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
बारातियों से भरी गाड़ी पलटने से तीन लोगों की मौत
इसके अलावा सोनभद्र जिले के रामपुर बारकोनिया क्षेत्र में बारातियों से भरी एक गाड़ी पलट जाने से उस पर सवार तीन लोगों की मौत हो गई तथा नौ अन्य घायल हो गये। अपर पुलिस अधीक्षक ऋषभ रूणवाल ने बुधवार को बताया कि मंगलवार देर रात मिर्जापुर जिले के मड़िहान थाना क्षेत्र से एक बारात सोनभद्र के रामपुर बरकोनिया आई थी।
उन्होंने बताया कि बारात में शामिल होने के लिए कुछ बाराती एक पिकअप वाहन से जा रहे थे, तभी रास्ते में कठोर गांव के पास चालक संतुलन खो बैठा और वाहन पलट गया। रुणवाल ने बताया कि घटना में घायल 12 लोगों को जिला अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान चिकित्सकों ने राजन गोंड (20), अजय गोंड (18) और विनोद गोंड (35) को मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिये भेजा गया है और बाकी घायलों का इलाज जारी है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
