शहर

'मुसलमानों का एनकाउंटर करने वाले का होगा एनकाउंटर', यूपी AIMIM अध्यक्ष ने मंच से दी धमकी; वीडियो वायरल

एआईएमआईएम के यूपी प्रदेश अध्यक्ष हाजी शौकत अली ने एक बार फिर भड़काऊ भाषण दिया है। एक वायरल वीडियो में हाजी शौकत अली कथित तौर पर यह कहते हुए सुनाई दे रहे हैं कि 'मुसलमान का एनकाउंटर' करने वालों का भी एनकाउंटर होगा।

मेरठ : वायरल हुए भड़काऊ भाषण के मामले में पुलिस ने उत्तर प्रदेश एआईएमआईएम (AIMIM) के प्रदेश अध्यक्ष हाजी शौकत अली के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। यह कार्रवाई थाना लोहियानगर पुलिस द्वारा की गई है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में हाजी शौकत अली एक कार्यक्रम के दौरान विवादित बयान देते हुए दिखाई दे रहे हैं, जिसके बाद मामला चर्चा में आ गया।

जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो में हाजी शौकत अली कथित तौर पर यह कहते हुए सुनाई दे रहे हैं कि “मुसलमान का एनकाउंटर करने वालों का भी एनकाउंटर होगा।” उनके इस बयान को लेकर सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आईं और वीडियो तेजी से वायरल हो गया। इसके बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू की।

मेरठ पुलिस के मुताबिक, सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो की सत्यता की जांच के बाद थाना लोहियानगर में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने वीडियो का लिया संज्ञान

इस मामले में एएसपी/सीओ कोतवाली अंतरिक्ष जैन ने बताया कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक व्यक्ति शौकत अली के रूप में भड़काऊ भाषण देता हुआ दिखाई दे रहा है। पुलिस ने वीडियो का संज्ञान लिया है और थाना लोहियानगर में मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाले या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले किसी भी बयान पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। मामले में वीडियो की प्रमाणिकता, कार्यक्रम का स्थान और बयान के संदर्भ की भी जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article