शहर

Unnao Road Accident: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर कहर! एक घंटे में दो बस हादसे, 34 घायल; जानिए हादसे की वजह

उत्तर प्रदेश के उन्नाव में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर रविवार तड़के करीब एक घंटे के भीतर दो अलग-अलग बस हादसे हुए। दोनों दुर्घटनाओं में कुल 34 यात्री घायल हुए। पहला हादसा बांगरमऊ में स्लीपर बस के ट्रक से टकराने और दूसरा बस के अनियंत्रित होकर पलटने से हुआ। प्रारंभिक जांच में दोनों हादसों की वजह चालकों को नींद की झपकी आना बताई जा रही है।

Image

उन्नाव एक्सप्रेसवे पर एक के बाद एक दो बस हादसे, 34 घायल। AI IMAGE

Unnao Road Accident: उत्तर प्रदेश के उन्नाव में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर रविवार तड़के करीब एक घंटे के भीतर दो अलग-अलग बस हादसे हो गए। दोनों दुर्घटनाओं में कुल 34 यात्री घायल हुए हैं। हादसे एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 231 और 246 पर हुए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दोनों हादसों की वजह बस चालकों को नींद की झपकी आना बताई जा रही है।

पहला हादसा बांगरमऊ क्षेत्र में हुआ। यहां एक स्लीपर बस आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में करीब 8 यात्री घायल बताए जा रहे हैं।

इसके करीब एक घंटे के भीतर दूसरा हादसा हुआ। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक अन्य स्लीपर बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। इस बस में सवार करीब 26 यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

पुलिस और यूपीडा ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

दोनों हादसों की सूचना मिलते ही पुलिस और यूपीडा की टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर बसों में फंसे और घायल यात्रियों को बाहर निकाला गया। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। हादसों के कारण कुछ समय के लिए एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित हुआ, लेकिन पुलिस और यूपीडा की टीम ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात को सुचारु करा दिया।

नींद की झपकी बनी हादसे की वजह?

प्रारंभिक जांच में दोनों दुर्घटनाओं के पीछे चालकों को नींद की झपकी आने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस हादसों के कारणों की जांच कर रही है। एक्सप्रेसवे पर लंबी दूरी की बसों के चालकों की थकान और नींद की वजह से होने वाली दुर्घटनाएं एक बार फिर सवालों के घेरे में हैं। फिलहाल दोनों हादसों में घायल सभी यात्रियों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस दुर्घटनाओं से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article