शहर

Guwahati to Aizawl: क्रिसमस पर चलेंगी दो स्पेशल ट्रेनें, जानें शेड्यूल

Christmas Special Train: क्रिसमस के त्योहार पर रेलवे स्टेशनों पर घर लौटने वाले लोगों की भीड़ को ध्यान में रखते हुए मिजोरम के राज्यसभा सांसद के. वनलालवेना ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से विशेष ट्रेनें चलाने का अनुरोध किया। उनके इस अनुरोध को मंजूरी देते हुए गुवाहाटी से आइजोल के बीच दो विशेष ट्रेनों का संचालन किया जाएगा।

Image

गुवाहाटी और आइजोल के बीच क्रिसमस पर चलेंगी दो स्पेशल ट्रेनें

Photo : PTI

Christmas Special Train: मिजोरम के राज्यसभा सांसद के. वनलालवेना ने आगामी क्रिसमस त्योहार को देखते हुए यात्रियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी शेयर की है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने गुवाहाटी और आइजोल (सैरांग स्टेशन) के बीच दो विशेष ट्रेनें चलाने का फैसला किया है। सांसद ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर क्रिसमस त्योहार के दौरान गुवाहाटी से आइजोल के बीच स्पेशल ट्रेन चलाने का अनुरोध किया था। सांसद ने त्योहारों के दौरान घर लौटने वाले लोगों की भारी भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त ट्रेनों की व्यवस्था किए जाने का रेल मंत्री से अनुरोध किया। सांसद के. वनलालवेना के अनुरोध को मानते हुए रेल मंत्री ने इस जनहितकारी मांग को स्वीकार करते हुए तुरंत मंजूरी दे दी है, जिससे पूर्वोत्तर के यात्रियों में खुशी की लहर है। अब वह क्रिसमस के त्योहार पर अपने घर आसानी से जा पाएंगे।

कब होगा स्पेशल ट्रेन का संचालन?

न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, क्रिसमस पर गुवाहाटी के आइजोल के लिए चलने वाली विशेष ट्रेनों के परिचालन की योजना पूरी तरह तैयार कर ली गई है। 14 बोगियों वाली यह विशेष ट्रेन 22 और 24 दिसंबर को असम के गुवाहाटी से मिजोरम के आइजोल के लिए रवाना होगी। वहीं, वापसी के सफर में यह ट्रेन 23 और 25 दिसंबर को आइजोल से गुवाहाटी के लिए चलेगी। यह कदम मणिपुर और मिजोरम के उन लोगों के लिए सबसे महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जो दिल्ली, मुंबई या कोलकाता जैसे बड़े महानगरों में रहते हैं, जिन्हें आइजोल के लिए सीधी ट्रेन में कन्फर्म टिकट नहीं मिल पाई है। ऐसे यात्री गुवाहाटी तक की बुकिंग कराकर इन विशेष ट्रेनों के जरिए आसानी से अपने घर पहुंच सकेंगे।

मणिपुर के निवासियों के लिए मिजोरम बना महत्वपूर्ण केंद्र

बता दें कि स्पेशल ट्रेन चलाने का यह फैसला न केवल मिजोरम बल्कि पड़ोसी राज्य मणिपुर के निवासियों, विशेषकर कुकी-जो समुदाय के लोगों के लिए भी एक बड़ी राहत है। मणिपुर में जारी जातीय तनाव और हिंसा के कारण वहां के निवासियों ने इंफाल के रास्ते यात्रा करना बंद कर दिया है, जिसके चलते मिजोरम अब उनके लिए देश के अन्य हिस्सों से अपने गांवों तक पहुंचने का एक महत्वपूर्ण और सुरक्षित केंद्र बन गया है। क्रिसमस और नए साल के मौके रेलवे के इस प्रयास से क्षेत्र के लोगों में खुशी की लहर है।

(इनपुट- भाषा)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article