शहर

जयपुर-अहमदाबाद हाईवे पर भीषण हादसा, खड़े ट्रेलर को दूसरे ट्रेलर ने पीछे से मारी टक्कर; जिंदा जला ड्राइवर

Jaipur-Ahmedabad Highway Accident: राजस्थान के पाली जिले में जयपुर-अहमदाबाद हाईवे पर रविवार को दो ट्रेलरों की भीषण टक्कर से बड़ा हादसा हो गया। हादसे के बाद दूसरे ट्रेलर की केबिन में आग लग गई, जिसमें फंसे चालक की झुलसने से मौत हो गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से केबिन तोड़कर चालक को बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

Image

पाली में जयपुर-अहमदाबाद हाईवे पर खौफनाक सड़क हादसा

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Jaipur-Ahmedabad Highway Accident: राजस्थान के पाली जिले में रविवार को जयपुर-अहमदाबाद हाईवे पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ट्रांसपोर्ट नगर के सामने दो ट्रेलरों के बीच जोरदार टक्कर के बाद एक वाहन की केबिन में आग लग गई। इस हादसे में ट्रेलर चालक की झुलसने से मौत हो गई। दुर्घटना के कारण हाईवे पर काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा और वाहनों की लंबी कतार लग गई।

दूसरे ट्रेलर ने खड़े वाहन में मारी जोरदार टक्कर

पुलिस के मुताबिक, हादसा उस समय हुआ जब टाइल्स से लदा एक ट्रेलर तकनीकी खराबी के चलते हाईवे पर रुक गया था। इसी दौरान पीछे से आ रहे दूसरे ट्रेलर ने खड़े वाहन में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दूसरे ट्रेलर की केबिन में चालक फंस गया। कुछ ही देर बाद केबिन में आग भड़क उठी और चालक बाहर नहीं निकल सका।

टोंक जिले का रहने वाला था मृतक

मृतक चालक की पहचान 32 वर्षीय कानाराम के रूप में हुई है। वह राजस्थान के टोंक जिले के मालपुरा क्षेत्र का रहने वाला था। ट्रांसपोर्ट नगर थाना प्रभारी हनुवंत सिंह सिसोदिया ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस और दमकल कर्मियों की टीम मौके पर पहुंची। हालांकि, दमकल वाहन के पहुंचने से पहले ही केबिन पूरी तरह आग की चपेट में आ चुकी थी।

हाईवे पर वाहनों की आवाजाही बाधित

पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से क्रेन के जरिए क्षतिग्रस्त केबिन को खुलवाया और चालक को बाहर निकाला। इसके बाद उसे इलाज के लिए बांगड़ अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। हादसे के बाद हाईवे पर वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस ने यातायात को सर्विस रोड की ओर डायवर्ट किया। बाद में क्षतिग्रस्त ट्रेलरों को सड़क से हटाया गया, जिसके बाद हाईवे पर यातायात व्यवस्था सामान्य हो सकी।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article