मुरादाबाद : उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में हाईवे पर वनस्पति घी से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद ट्रक में लदा घी सड़क पर बिखर गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसी दौरान कुछ लोगों के सड़क पर बिखरे घी को उठाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
मामला कटघर थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि वनस्पति डालडा घी से भरा ट्रक हरियाणा से रुद्रपुर स्थित एक फैक्ट्री जा रहा था। इसी दौरान ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। ट्रक के पलटते ही उसमें रखा घी सड़क पर फैल गया।
सड़क पर घी उठाने जुटे लोग
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। वायरल वीडियो में कुछ लोग सड़क पर बिखरे घी को उठाते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद घटना सोशल मीडिया पर चर्चा में है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें - दिल्ली में अब ‘दुर्गा’ की सवारी: सड़कों पर नजर आएंगे पिंक ई-ऑटो, जानें कौन सी महिलाएं होगीं इस योजना की पात्र
सूचना मिलने पर कटघर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने सड़क पर घी उठाने के लिए जुटे लोगों को वहां से हटाया। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में सड़क पर फैले घी को साफ कराया गया, ताकि यातायात प्रभावित न हो और किसी तरह की दूसरी दुर्घटना न हो।
जनहानि नहीं
मुरादाबाद के एसपी सिटी रणविजय सिंह के मुताबिक, वनस्पति डालडा घी से लदा ट्रक हरियाणा से रुद्रपुर की एक फैक्ट्री जा रहा था। कटघर थाना क्षेत्र में ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। उन्होंने बताया कि सड़क पर फैले घी को साफ करा दिया गया है। पुलिस के मुताबिक, हादसे में किसी व्यक्ति को चोट नहीं आई और कोई जनहानि नहीं हुई है।
