Mumbai News: मुंबई और उसके आसपास के शहरों में रातभर हुई मूसलाधार बारिश रविवार सुबह कुछ धीमी पड़ गई। हालांकि, मौसम विभाग ने लगातार तेज बारिश और कुछ जगहों पर अत्यधिक भारी वर्षा की चेतावनी देते हुए रेड अलर्ट जारी किया है। लेकिन इसी दौरान एक घटना से सभी का ध्यान खींच लिया। बता दें कि रविवार को हो रही बारिश के बीच मशहूर उद्योगपति मुकेश अंबानी के सुरक्षा काफिले के सामने एक पेड़ अचानक गिर गया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हो गया।
जल्द ही यातायात हुआ सामान्य
जानकारी के मुताबिक, यह घटना शहर के बांद्रा इलाके में हुई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस के अनुसार, पेड़ गिरने के कारण अंबानी के सुरक्षा काफिले की आवाजाही कुछ देर के लिए रुक गई और सड़क पर गाड़ियों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही संबंधित एजेंसियां मौके पर पहुंचीं, पेड़ को हटाया गया और जल्द ही यातायात सामान्य कर दिया गया।
कुर्ला में पेड़ गिरने से एक व्यक्ति की मौत
वहीं इस घटना के बीच कुर्ला इलाके में एक दर्दनाक हादसे हुआ। यहां एक दुकान पर पेड़ गिरने से 63 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। एक हफ्ते से भी कम समय में महानगर में पेड़ गिरने की यह दूसरी घटना है जिसमें किसी की जान गई है। अधिकारियों ने बताया कि यह घटना कुर्ला पश्चिम के नौपाडा इलाके में बृहन्मुंबई महानगर पालिका के स्कूल के पास दोपहर लगभग पौने एक बजे हुई।
चेंबूर में चलती बस पर गिरा था पेड़
एक अधिकारी ने बताया कि युनूस कुंडावाला को मलबे से बाहर निकाला गया और फौजिया अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि दमकल, पुलिस, बेस्ट और नगर निकाय के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और बचाव तथा मलबा हटाने का काम किया। गौरतलब है कि इससे पहले, 30 जून को चेंबूर में एक चलती स्कूल बस पर पेड़ गिरने से 11 वर्षीय एक लड़के की मौत हो गई थी और कई अन्य घायल हो गए थे।
प्रशासन ने की नागरिकों से अपील
लगातार हो रही भारी बारिश के चलते मुंबई के कई हिस्सों में पेड़ों और बड़ी शाखाओं के गिरने की घटनाएं सामने आई हैं। कई सड़कों पर जलभराव, ट्रैफिक जाम और आवाजाही में परेशानी देखी जा रही है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे बारिश के दौरान सतर्क रहें और जलभराव तथा पेड़ गिरने की आशंका वाले इलाकों में विशेष सावधानी बरतें।
