CJM Vibhanshu Sudheer Transfer: संभल हिंसा मामले में सीओ अनुज चौधरी समेत कई पुलिसकर्मियों पर एफआईआर दर्ज करने का आदेश देने वाले मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) विभांशु सुधीर का तबादला कर दिया गया है। उन्हें सुल्तानपुर भेजा गया है और अब वे सिविल जज (सीनियर डिविजन) के पद पर कार्यरत रहेंगे। गौरतलब है कि सीजेएम न्यायपालिका में एक वरिष्ठ पद होता है, जिसके पास व्यापक प्रशासनिक और न्यायिक अधिकार होते हैं। ऐसे में मौजूदा हालातों में उनका यह स्थानांतरण कई सवालों को जन्म दे रहा है।
24 नवंबर 2024 को हुई घटना
बता दें कि, संभल जिले में नवंबर 2024 में हुई हिंसा के मामले में सीजेएम ने संज्ञान लिया था। विभांशु सुधीर की अदालत ने यामीन नामक व्यक्ति की याचिका पर तत्कालीन सीओ अनुज चौधरी और अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ FIR दर्ज करने का निर्देश दिया था। याचिकाकर्ता यामीन ने आरोप लगाया कि उनके 24 वर्षीय बेटे आलम को 24 नवंबर 2024 को घर से रस्क बेचने के लिए निकलने पर शाही जामा मस्जिद क्षेत्र में पुलिस ने गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
12 पुलिसकर्मियों को आरोपी बनाया गया
याचिका में कहा गया कि यह फायरिंग बिना किसी उकसावे के की गई और पुलिस ने हिंसा को दबाने के नाम पर निर्दोष युवक को निशाना बनाया। इसके अलावा, याचिकाकर्ता ने आरोप लगाया कि पुलिस ने घटना के बाद उचित जांच नहीं की और घायल युवक को अस्पताल पहुंचाने में भी लापरवाही बरती। इस मामले में कुल 12 पुलिसकर्मियों को आरोपी बनाया गया था, जिनमें संभल कोतवाली के इंस्पेक्टर भी शामिल हैं।
