शहर

Delhi: कहीं बुलडोजर एक्शन, कहीं प्रॉपर्टी सील... दिल्ली में MCD की ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी, एक दिन में 35 निर्माण ध्वस्त

दिल्ली में MCD ने मंगलवार को सभी 12 जोन में अवैध निर्माण और खतरनाक इमारतों के खिलाफ कार्रवाई की। अभियान के दौरान 35 डिमोलिशन कार्रवाई हुईं और 5 संपत्तियां सील की गईं ।

Image

दिल्ली में अवैध निर्माण पर MCD की कार्रवाई जारी (सांकेतिक फोटो)

Delhi Demolition Drive: दिल्ली में अवैध निर्माण और बिल्डिंग नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नगर निगम (MCD) लगातार ताबड़तोड़ कार्रवाई कर रहा है। मंगलवार को MCD ने राजधानी के सभी 12 जोन में अभियान चलाकर 35 निर्माण ध्वस्त किए। इसके अलावा 5 संपत्तियों को सील किया गया और 4 संपत्तियों के खिलाफ ध्वस्तीकरण आदेश जारी किए गए। इससे एक दिन पहले भी एमसीडी ने 42 संपत्तियों पर बुलडोजर चलाया था।

12 जोन में चला अभियान

दिल्ली में खतरनाक इमारतों, अवैध निर्माण और मास्टर प्लान ऑफ दिल्ली (MPD) व बिल्डिंग बाय-लाइसेंस के नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ यह कार्रवाई की जा रही है। MCD के मुताबिक, मंगलवार को चलाए गए विशेष अभियान के तहत राजधानी के सभी 12 जोन में चिन्हित अवैध निर्माणों पर निर्धारित नियमों के तहत कार्रवाई की गई। इस दौरान कुल 35 स्थानों पर ध्वस्तीकरण (डिमोलिशन) की कार्रवाई की गई।

इन इलाकों में हुई बड़ी कार्रवाई

मंगलवार को खड्डा कॉलोनी, पुल प्रहलादपुर, नांगली सकरावती, पालम, रशीद मार्केट, शकरपुर, वेस्ट विनोद नगर, शिव विहार, करावल नगर और गणेश नगर एक्सटेंशन समेत दिल्ली के कई इलाकों में प्रमुख डिमोलिशन कार्रवाई की गई। MCD ने इससे एक दिन पहले भी बड़े स्तर पर प्रवर्तन (Enforcement) अभियान चलाया था। उस दौरान MPD और बिल्डिंग बायलॉज के उल्लंघन के मामलों में 42 संपत्तियों को ध्वस्त किया गया था, जबकि 7 संपत्तियों को सील किया गया था।

अवैध निर्माण पर सख्ती जारी

नगर निगम ने बताया कि MCD के अधिकार क्षेत्र में अनधिकृत निर्माण और भवन नियमों का उल्लंघन स्वीकार नहीं किया जाएगा। फील्ड अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने और नियमों के उल्लंघन पर लागू प्रावधानों के तहत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। MCD के अनुसार, खतरनाक इमारतों, अनधिकृत निर्माण और अन्य ऐसे उल्लंघनों के खिलाफ अभियान सभी 12 जोन में जारी रहेगा। निगम का कहना है कि नियमों के पालन के साथ सार्वजनिक सुरक्षा से जुड़े जोखिमों पर भी लगातार नजर रखी जा रही है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article