Delhi News: देश की राजधानी दिल्ली में महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय के कॉलेज की एक छात्रा ने आरोप लगाया है कि सफेद रंग की टाटा सफारी गाड़ी में सवार युवकों ने न केवल उसपर और उसकी दोस्त पर भद्दे कमेंट्स पास किए और गालियां दीं, बल्कि उन्हें काफी दूर तक पीछा कर उसे जबरन गाड़ी के अंदर खींचने की भी कोशिश की। इतना ही नहीं, पीड़िता का आरोप है कि घटना के बाद मदद मांगने पर दिल्ली पुलिस की संवेदनहीनता सामने आई और उसे FIR दर्ज कराने के लिए करीब 4 से 5 घंटे तक 3 अलग-अलग पुलिस स्टेशनों के चक्कर काटने पड़े।
गालियां दीं, पीछा किया और गाड़ी में खींचने का प्रयास
पीड़िता ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर इस पूरी घटना के बारे में बताया है। रात करीब 9:30 बजे छात्रा अपनी दोस्त के साथ विजयनगर की तरफ से ओजीसी की ओर जा रही थी। इसी दौरान एक सफेद रंग की सफारी गाड़ी वहां पहुंची। उसमें बैठे युवकों ने गाड़ी का शीशा नीचे कर छात्राओं पर फब्तियां कसीं। जब छात्राओं ने इसका विरोध किया, तो गाड़ी सवार युवक भद्दी-भद्दी गालियां देने लगे। लड़कियां जब वहां से आगे बढ़ने लगीं, तो आरोपियों ने गाड़ी से उनका पीछा करना शुरू कर दिया। ओजीसी के पास जब छात्राओं ने अपना मोबाइल निकाल वीडियो बनाने की कोशिश की, तो आरोपियों ने गाड़ी रोककर उन्हें जबरन कार के अंदर खींचने का प्रयास किया। फोन से रिकॉर्डिंग होते देख आरोपी मौके से गाड़ी भगा ले गए।
4 घंटे तक भटकती रही छात्रा
पीड़िता का गंभीर आरोप है कि इस घटना के तुरंत बाद जब वे पास के मॉरिस नगर पुलिस स्टेशन गईं, तो पुलिसकर्मियों ने यह कहकर पल्ला झाड़ लिया कि यह इलाका हमारे अधिकार क्षेत्र में नहीं आता। इसके बाद छात्रा और उसकी दोस्त करीब 4 से 5 घंटे तक तीन अलग-अलग पुलिस थानों के चक्कर लगाती रहीं। पीड़िता ने वीडियो में आरोप लगाया कि पुलिस शुरुआत में FIR तक दर्ज करने को तैयार नहीं थी।
फैकल्टी ऑफ लॉ के छात्र पर आरोप, मामला दर्ज
छात्रा ने वीडियो में मुख्य आरोपी की पहचान उजागर करते हुए बताया कि उसका नाम नमन चौधरी है, जो दिल्ली विश्वविद्यालय के फैकल्टी ऑफ लॉ का छात्र है। मामला सोशल मीडिया पर गर्म होने और उच्च अधिकारियों के संज्ञान में आने के बाद दिल्ली पुलिस एक्शन में आई है। दिल्ली पुलिस ने गाड़ी के नंबर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 78 (पीछा करना) और धारा 79 (महिला की लज्जा भंग करना) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे पीड़िता के लगातार संपर्क में हैं। मुख्य आरोपी और गाड़ी की पहचान कर ली गई है और जल्द ही आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
