शहर

एमपी के सिंगरौली में दर्दनाक हादसा; खदान धसने से 2 नाबालिगों समेत 3 की मौत, दो अन्य घायल

मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में रविवार दोपहर एक भयावह हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। सफेद मिट्टी निकालने के दौरान एक खदान अचानक धसक गई, जिससे कई महिलाएं उसके नीचे दब गईं। इस दर्दनाक घटना में तीन लोगों की जान चली गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गईं।

Image

सिंगरौली में सफेद मिट्टी की खदान का दुखद हादसा

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Singrauli Mine Accident: मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा सामने आया। जानकारी के मुताबिक, यहां एक मिट्टी की खदान अचानक धसकने से 2 मासूमों समेत 1 महिला की मौके पर ही जान चली गई, जबकि दो अन्य महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। बताया जा रहा है कि, गांव की पांच महिलाएं सफेद मिट्टी लेने के लिए खदान में गई थीं।

मिट्टी की खुदाई के दौरान अचानक खदान की दीवार भरभराकर गिर गई, जिससे सभी महिलाएं उसके नीचे दब गईं। घटना की खबर मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया और सभी महिलाओं को खदान से बाहर निकाला। इनमें से तीन महिलाओं को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि घायल दो महिलाओं को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है।

रेस्क्यू अभियान जारी

प्राप्त जानकारी के अनुसार यह हादसा सिंगरौली जिले के जियावन थाना अंतर्गत कुदवार चौकी क्षेत्र में हुआ। खदान में दबे लोग परसोहर और हर्हा गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। महिलाएं दो बच्चियों के साथ इलाके में ‘छुही’ कहलाने वाली सफेद मिट्टी निकालने के लिए खदान में गई थीं, इसी दौरान मिट्टी धसक गई और हादसा हो गया। पुलिस को आशंका है कि खदान में कुछ और लोग भी फंसे हो सकते हैं, जिसको लेकर प्रशासन ने रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया है।

3 की मौके पर मौत

देवसर एसडीओपी गायत्री शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि छुही खदान धसने से प्रीति सिंह (पिता मान सिंह, उम्र 10 वर्ष), बसंती (उम्र 16 वर्ष) और फूलमती यादव (उम्र 50 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं इस हादसे में कौसल्या सिंह (उम्र 50 वर्ष) और सकमुनि सिंह (उम्र 45 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हुई हैं। दोनों घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवसर में भर्ती कराया गया है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article