Sultanpur Toll Plaza: सुल्तानपुर में टोल प्लाजा पर टोल कलेक्टर के साथ मारपीट और अभद्रता का मामला सामने आया है। आरोप है कि फास्टैग को लेकर विवाद के बाद कार सवार लोगों ने बैरियर हटाकर जबरन गाड़ी निकलने की कोशिश की और टोल बूथ में घुसकर कर्मचारी से मारपीट की। यह पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हुई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें बनाई गई हैं।
फास्टैग को लेकर शुरू हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, यह घटना अखंडनगर थाना क्षेत्र के भेलारा टोल प्लाजा पर 10 अगस्त की रात करीब 9:30 बजे हुई। टोल प्लाजा पर ड्यूटी कर रहे कलेक्टर अतुल विश्वकर्मा का एक कार सवार लोगों से विवाद हो गया। टोल कर्मचारी के मुताबिक, वाहन का फास्टैग रीड नहीं हो रहा था और इसे ठीक करने का प्रयास किया जा रहा था। तभी पीछे से आई कार को रोकने पर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि कार सवार लोगों ने टोल का बैरियर जबरन हटाकर निकलने का प्रयास किया। कर्मचारी ने इसका विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की गई।
बूथ में घुसकर मारपीट का आरोप
आरोप है कि कार सवार लोग टोल बूथ के अंदर घुस गए और अतुल विश्वकर्मा के साथ मारपीट व अभद्रता की। कर्मचारी ने टोल राजस्व छीनने की कोशिश करने का भी आरोप लगाया है। सीओ कादीपुर विनय गौतम ने बताया कि कार सवार लोगों में सुरेश यादव शामिल हैं, जिन्हें आजमगढ़ के भदौरा गांव का प्रधान बताया जा रहा है। वह अपने तीन-चार साथियों के साथ मौजूद थे। विवाद बढ़ने के बाद मारपीट की घटना हुई।
CCTV फुटेज से जुटाए जा रहे साक्ष्य
घटना के बाद सामने आए CCTV फुटेज में टोल बूथ के अंदर कुछ लोगों की गतिविधियां और कथित मारपीट का घटनाक्रम नजर आ रहा है। पुलिस वीडियो फुटेज समेत अन्य सबूतों की जांच कर रही है। पीड़ित टोल कर्मचारी ने अखंडनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित
सीओ कादीपुर विनय गौतम ने बताया कि मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार पुलिस टीमों का गठन किया गया है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
