Telangana News: तेलंगाना के एलबी नगर में बुधवार को ACP कार्यालय के अंदर एक पुलिस कांस्टेबल मृत मिला। मृतक की पहचान साई कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने शव बरामद कर मामले की जांच शुरू कर दी है और केस दर्ज किया गया है। एलबी नगर पुलिस के एक अधिकारी के मुताबिक, साई कुमार ACP कार्यालय में मृत अवस्था में पाया गया। पुलिस का कहना है कि घटना की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
हत्या के बाद आत्महत्या का रूप देने की कोशिश
वहीं, मृतक के परिवार ने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का दावा है कि साई कुमार की हत्या की गई और घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई। परिवार के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से कांस्टेबल कथित तौर पर वरिष्ठ अधिकारियों के दबाव और प्रताड़ना से परेशान था तथा उसने इसकी जानकारी अपने परिजनों को भी दी थी। घटना के बाद मृतक के रिश्तेदार ACP कार्यालय पहुंचे और वहां विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान परिसर में तोड़फोड़ किए जाने की भी बात सामने आई है। परिजनों ने तेलंगाना सरकार से मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कराने की मांग की है।
मां ने लगाए क्या आरोप?
साई कुमार की मां ने आरोप लगाया कि उनके बेटे के शरीर पर खून के निशान थे, जिससे उन्हें आत्महत्या की पुलिस की संभावित थ्योरी पर संदेह है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि अगर उनके बेटे ने आत्महत्या की थी, तो परिवार को उसके शव के बारे में तत्काल जानकारी क्यों नहीं दी गई। परिजनों ने मामले में जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई और न्याय की मांग की है। हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या के आरोपों की पुष्टि नहीं की है। मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बिजली के तारों के जाल के संपर्क में आने से वन अधिकारी की मौत
वहीं, भद्राद्री कोठागुडेम जिले के एक वन क्षेत्र में शिकारियों द्वारा जंगली जानवरों को मारने के लिए बिछाए गए बिजली के तारों के जाल के संपर्क में आने से एक वन बीट अधिकारी की करंट लगने से मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि यह घटना मंगलवार देर रात हुई। इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत गैर-इरादतन हत्या के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। तेलंगाना की वन मंत्री कोंडा सुरेखा ने वन बीट अधिकारी नवीन नायक की मौत पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए वन और पुलिस अधिकारियों को मामले की गहन जांच करने तथा दोषियों को सख्त से सख्त सजा दिलाने का निर्देश दिया है।
एक अधिकारी ने बताया कि नवीन खम्मम जिले के कारेपल्ली मंडल के रहने वाले थे। उन्होंने कहा, "इलाके में काफी अंधेरा था और बीट अधिकारी गलती से बिजली के जाल के संपर्क में आ गए, जिससे उन्हें करंट लग गया। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।" पुलिस ने बताया कि बिजली का यह जाल शिकारियों द्वारा जंगली जानवरों को मारने के लिए बिछाया गया था। इस बीच, वन मंत्री सुरेखा ने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है और वन अधिकारियों को कार्य समय के दौरान तैनात वन कर्मियों की सुरक्षा के लिए पुख्ता उपाय करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने ड्यूटी के दौरान नवीन की मौत को बेहद "दुर्भाग्यपूर्ण" बताया है। एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, वन मंत्री ने प्रधान मुख्य वन संरक्षक (पीसीसीएफ) विनय कुमार को मृतक के परिजनों को अनुग्रह राशि देने और परिवार के एक सदस्य को नौकरी प्रदान करने का निर्देश दिया है।
