RJD में अब तेजस्वी 'युग', लालू यादव ने छोटे बेटे को बनाया राजद का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष
- Edited by: शिशुपाल कुमार
- Updated Jan 25, 2026, 04:30 PM IST
तेजस्वी यादव को बिहार की मुख्य विपक्षी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। राजद के राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में इसकी घोषणा की गई। इस मौके पर लालू यादव और राबड़ी देवी भी मौजूद रहे।
तेजस्वी यादव को बनाया गया राजद का कार्यकारी अध्यक्ष (फोटो- RJD)
राष्ट्रीय जनता दल में अब तेजस्वी 'युग' का आरंभ होता दिख रहा है। तेजस्वी यादव को राजद का नया राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वही राष्ट्रीय अध्यक्ष की कुर्सी लालू यादव के पास ही रहेगी। राजद में लालू यादव के बाद अब तेजस्वी साफ तौर पर नंबर दो की कुर्सी पर दिख रहे हैं। हालांकि पहले भी राजद की अघोषित कमान तेजस्वी यादव के पास ही थी। बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी वर्तमान में बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता हैं।
पटना में तेजस्वी का ताजपोशी
पटना में आज राजग के राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक हुई, जिसमें तेजस्वी यादव को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया। राजद ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि यह निर्णय पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में लिया गया, जिसमें यादव, प्रसाद और अन्य वरिष्ठ नेता शामिल हुए। यादव की सबसे बड़ी बहन एवं पाटलिपुत्र से सांसद मीसा भारती भी बैठक में मौजूद थीं।
लालू के उत्तराधिकारी
बता दें कि लालू यादव के चारा घोटाले में जेल जाने के बाद से ही राजद की कमान एक तरह से तेजस्वी यादव के पास ही रही है। पिछले विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद परिवार में फूट भी देखने को मिली थी। लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्या ने तेजस्वी यादव के खिलाफ विद्रोह करके घर छोड़ दिया था। वहीं चुनाव से पहले ही तेज प्रताप यादव को पार्टी और परिवार दोनों से लालू यादव ने बाहर कर दिया था।
रोहिणी का हमला
राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक से कुछ घंटे पहले पार्टी अध्यक्ष लालू प्रसाद की बेटी रोहिणी आचार्य ने आरोप लगाया कि पार्टी का नियंत्रण ‘‘घुसपैठियों और साजिशकर्ताओं के हाथों में चला गया है, जिनका एकमात्र उद्देश्य लालूवाद को नष्ट करना है।’’ रोहिणी आचार्य ‘एक्स’ पर अपने पोस्ट में किसी का नाम लिए बगैर कहा कि पार्टी में नेतृत्व के लिए जिम्मेदार लोगों को ‘‘सवालों से बचने या भ्रम पैदा करने के बजाय आत्मनिरीक्षण करना चाहिए।’’ आचार्य ने दावा किया, ‘‘वर्त्तमान की कड़वी, चिंताजनक एवं दुःखद सच्चाई यही है कि ‘आज जनता के हक - हकूक की लड़ाई लड़ने के लिए जानी जाने वाली, जन - जन की पार्टी की असली कमान फासीवादी विरोधियों के द्वारा भेजे गए वैसे घुसपैठियों - साजिशकर्ताओं के हाथों में है, जिन्हें लालूवाद को तहस - नहस करने के ‘टास्क’ के साथ भेजा गया है, कब्ज़ा जमाए बैठे ऐसे लोग अपने गंदे मकसद में काफी हद तक सफल होते भी दिखते हैं।’’
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।