Noida Sector 52 Crime News: नोएडा में एक किशोर ने अपने पिता की कथित रूप से हत्या करने के बाद सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन पर ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने बताया कि यह घटना बुधवार को हुई, जब किशोर ने अपने पिता राजू शर्मा की हत्या कर दी और इसके बाद वह मेट्रो स्टेशन चला गया। राजू बच्चों को ट्यूशन पढ़ाता था। शुरुआती जांच के मुताबिक, किशोर पिछले करीब तीन महीने से गढ़ी चौखंडी गांव में किराए के मकान में अपने पिता के साथ रह रहा था। बताया जाता है कि वह अपने पिता के कथित कठोर व्यवहार और मां की गैरमौजूदगी को लेकर अवसादग्रस्त था।
पुलिस ने बताया कि किशोर की मां ने कोविड-19 महामारी के बाद राजू को छोड़ दिया था और अलग रह रही थी। उसने बताया कि बुधवार सुबह उसने पिता की हत्या कर दी, जब वह सो रहा था। इसके बाद वह सेक्टर 52 मेट्रो स्टेशन गया, जहां उसने मेट्रो ट्रेन के आगे कूद कर जान देने की कोशिश की।
मेट्रो स्टेशन पर ट्रेन के आगे लगाई छलांग
सेक्टर-49 थाने की पुलिस को डायल-112 के जरिए सूचना मिली कि एक लड़के ने मेट्रो स्टेशन पर ट्रेन के आगे छलांग लगा ली है। मेट्रो कर्मचारियों और सुरक्षा कर्मियों ने उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान बाद में 16 वर्षीय किशोर के रूप में हुई, जो राजू शर्मा का बेटा और नोएडा के सेक्टर-73 का रहने वाला था। पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव उसकी मां और मामा को सौंप दिया गया।
राजू के शव का पता बाद में चला। राजू के भाई अरुण ने अपने भाई के किराए के मकान का पता लगाने में मदद के लिए पर्थला और गढ़ी चौखंडी पुलिस चौकियों से संपर्क किया। बृहस्पतिवार देर रात, गढ़ी चौखंडी में तिकोना पार्क के पास स्थित उस मकान से दुर्गंध आने की सूचना मिलने के बाद पुलिस और अरुण वहां पहुंचे। इसके बाद राजू का शव बरामद किया गया। पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है।
