शहर

'ताज एक्सप्रेस' पर लोहे के पाइप से हमला, कोच D-6 का शीशा चकनाचूर; दो यात्री घायल

दिल्ली से ग्वालियर जा रही 12280 ताज एक्सप्रेस में अचानक लोहे के पाइप से हमला किया गया, जो कांच की खिड़की तोड़कर कोच के अंदर आ गया।

Image

ताज एक्सप्रेस पर लोहे के पाइप से हमला

मथुरा : ट्रेनों पर हमले की खबरें लगातार बढ़ती जा रही हैं। रेलवे जितने सुरक्षा की व्यवस्थाएं कर रहा है, शरारती तत्व उतने ही मनबढ़ होते जा रहे हैं। ताजा मामले में दिल्ली से ग्वालियर जा रही 12280 ताज एक्सप्रेस में शुक्रवार को बड़ा हादसा टल गया, जब हरियाणा के पलवल और होडल रेलवे स्टेशनों के बीच चलती ट्रेन पर अज्ञात व्यक्ति ने लोहे का पाइप फेंक दिया। पाइप सीधे कोच D-6 की खिड़की से टकराया, जिससे शीशा टूट गया और अंदर बैठे दो यात्री घायल हो गए। घटना के बाद ट्रेन में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई।

घायल यात्रियों को मथुरा जंक्शन पर उतारा गया

घटना थाना जीआरपी बल्लभगढ़ क्षेत्र की बताई जा रही है। जीआरपी आगरा के अनुसार, घायल यात्रियों को ट्रेन के मथुरा जंक्शन पहुंचने पर तत्काल चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराई गई। यात्रियों की शिकायत के आधार पर जीआरपी मथुरा जंक्शन थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों और रेलवे ट्रैक के किनारे लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।

तेज आवाज के साथ खिड़की से टकराया लोहे का पाइप

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, लोहे का पाइप अचानक तेज आवाज के साथ खिड़की से टकराया और कांच टूटकर यात्रियों पर गिर गया। हादसे में घायल यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। रेलवे अधिकारियों ने इस घटना को गंभीर सुरक्षा चुनौती मानते हुए दोषियों की जल्द पहचान कर सख्त कार्रवाई की बात कही है।

वीडियो तेजी से वायरल

हाल के दिनों में ट्रेनों पर पत्थरबाजी और बाहरी वस्तुएं फेंकने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। सोशल मीडिया पर भी इस घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद रेलवे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से ऐसे संवेदनशील रूटों पर निगरानी और सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।

इससे पूर्व भी कई अन्य घटनाएं हुई हैं, जिनमें शरारती तत्वों ने ट्रेनों पर पत्थर चलाए या पटरियों पर पत्थर की सिलापटें रखीं या लोहे के रॉड रखकर घटना को अंजाम देने का प्रयास किया। इतना ही नहीं कानपुर के पास पटरी पर गैस सिलेंडर रखकर बड़ा नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया था।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article