गुजरात के सूरत में आज यानी मंगलवार 31 मार्च को एक घर में भीषण आग लगने से कोहराम मच गया। इस हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की जलकर मौत हो गई, जिसमें 4 महिलाएं और एक मासूम बच्चा भी शामिल है। आग लगने की यह घटना सूरत के लिंबायत क्षेत्र स्थित मीठी खाड़ी इलाके की है।
मिली जानकारी के मुताबिक, हादसा यहां पर दो मंजिला इमारत में हुआ, जहां भारी मात्रा में साड़ी पैकिंग का मैटेरियल प्लास्टिक, गत्ता और अन्य ज्वलनशील सामग्री रखी हुई थीं। इसी के साथ घर के अंदर साड़ियां भी काफी मात्रा में रखी हुई थीं।
मंगलवार दोपहर इस घर के निचले हिस्से में अचानक आग लग गई। घर में साड़ी पैकिंग का सामान भरे होने के कारण आग ने कुछ ही पलों में विकराल रूप धारण कर लिया। देखते ही देखते पूरा घर आग की चपेट में आ गया। जिस समय आग लगने की यह घटना हुई, उस समय परिवार के लोग घर के अंदर ही मौजूद थे।
आग की लपटों और साड़ी पैकिंग मैटेरियल के जलने से निकले जहरीने धुंए के कारण घर में मौजूद लोगों को बाहर निकले का मौका नहीं मिला। धुंए के कारण घर के अंदर मौजूद लोगों का दम घुटने लगा और गंभीर रूप से झुलसकर पांच लोगों की ही मौत हो गई। पांचों में से एक को भी जान बचाने के लिए अस्पताल तक नहीं पहुंचाया जा सका।
आग लगने की इस घटना के बारे में सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गई। लेकिन संकरी गलियां होने के कारण दमकल कर्मियों को आग बुझाने के लिए काफी मेहनत-मशक्कत करनी पड़ी। स्थानीय लोगों ने भी दमकल कर्मियों की इस बचाव कार्य में मदद की। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की गई, लेकिन दुर्भाग्य से उनमें से किसी को भी नहीं बचाया जा सका।
